डॉलर में कमजोरी से सोना सँभला, एमसीएक्स गोल्ड में तेजी की संभावना : जिगर त्रिवेदी

वैश्विक बाजार में डॉलर के कमजोर होने से सोने की कीमतों में फिर तेजी देखने को मिली है। मध्य पूर्व में जारी तनाव और अमेरिका की आर्थिक स्थिति से जुड़े संकेतों पर निवेशकों की नजर बनी हुई है।

इस संदर्भ में इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी ने कहा है, “डॉलर के कमजोर होने के बाद, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया कि मध्य पूर्व में संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है, सोने की कीमतें लगभग 5,180 डॉलर प्रति औंस तक बढ़ गयीं और पिछले सत्र के नुकसान की भरपाई कर ली। ट्रंप ने सोमवार को ईरान के साथ जारी सैन्य तनाव के बीच बाजारों को आश्वस्त करने की कोशिश करते हुए इस अभियान को ‘छोटा-सा अभियान’ और ‘अल्पकालिक’ प्रयास बताया।

इसी समय, जी-7 के वित्त मंत्रियों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे रणनीतिक तेल भंडार जारी करने के लिए तैयार हैं। इससे पहले इस क्षेत्र में लंबे समय तक संघर्ष रहने की आशंका से महँगाई बढ़ने की चिंता पैदा हुई थी, जिसके कारण इस वर्ष फेडरल रिजर्व (Federal Reserve) द्वारा ब्याज दरों में कटौती को लेकर कारोबारियों की उम्मीदें कम हो गयी थीं।”

त्रिवेदी के अनुसार, “अब बाजार यह संकेत दे रहा है कि वर्ष के अंत तक लगभग 40 आधार अंक (बेसिस प्वाइंट) की ढील संभव है, जो फरवरी के अंत में 55 आधार अंक से अधिक थी। निवेशक अब इस सप्ताह के अंत में आने वाले अमेरिका में महँगाई के प्रमुख आँकड़ों — सीपीआई और पीसीई — का इंतजार कर रहे हैं, ताकि फेड की नीति के दृष्टिकोण के बारे में नये संकेत मिल सकें।”

त्रिवेदी ने आज एमसीएक्स गोल्ड अप्रैल फ्यूचर्स में सकारात्मक रुझान रहने की उम्मीद जतायी है। उन्होंने कहा कि एमसीएक्स में गोल्ड अप्रैल फ्यूचर में तेजी का रुख रह सकता है और एकदिनी (इंट्राडे) कारोबार में 1,63,000 रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर प्रमुख बाधा (रेजिस्टेंस) के रूप में देखा जा सकता है। (शेयर मंथन, 10 मार्च 2026)