एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का आईपीओ खुलेगा 14 जुलाई को, जानें क्या है प्राइस बैंड

देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (SBI Funds Management Ltd) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 14 से 16 जुलाई 2026 के बीच खुला रहेगा।

कंपनी ने इसके लिए 545-574 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) तय किया है, जबकि ऐंकर निवेशकों के लिए बोली 13 जुलाई को खुलेगी और उसी दिन बंद हो जायेगी। यह एएमसी 'एसबीआई म्यूचुअल फंड' (SBI Mutual Fund) नाम से अपनी म्यूचुअल फंड योजनाओं का संचालन करती है।

यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री प्रस्ताव या ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) है, जिसके तहत 20,37,09,239 इक्विटी शेयर बेचे जायेंगे। ऊपरी मूल्य पर इश्यू का आकार 11,692 करोड़ रुपये और निचले मूल्य पर 11,102 करोड़ रुपये है। इसमें 1 लॉट 26 शेयरों का है, यानी निवेशक न्यूनतम 26 शेयरों तथा उसके बाद 26-26 शेयरों के गुणकों में आवेदन कर सकेंगे।

31 मार्च 2026 तक तिमाही औसत प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (QAAUM) के आधार पर एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। इस अवधि में कंपनी का म्यूचुअल फंड QAAUM 12.51 लाख करोड़ रुपये और उद्योग में उसकी बाजार हिस्सेदारी 15.3% रही। पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (पीएमएस) तथा अन्य सलाहकारी परिसंपत्तियों को मिलाने पर कंपनी का कुल तिमाही औसत एयूएम 29.46 लाख करोड़ रुपये रहा। कंपनी पैसिव निवेश श्रेणी में भी अग्रणी है। 31 मार्च 2026 तक उसके ईटीएफ और इंडेक्स फंड का तिमाही औसत एयूएम 4.06 लाख करोड़ रुपये था, जिससे इस श्रेणी में उसकी बाजार हिस्सेदारी 27.9% रही।

मार्च 2024 से मार्च 2026 के बीच कंपनी के कुल तिमाही औसत एयूएम में 14.22% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) रही। इसी अवधि में म्यूचुअल फंड तिमाही औसत एयूएम 16.97% तथा इक्विटी, इक्विटी-उन्मुख और इक्विटी-हाइब्रिड योजनाओं (आर्बिट्राज तथा विदेशी फंड ऑफ फंड्स को छोड़ कर) का तिमाही औसत एयूएम 21.79% की सीएजीआर से बढ़ा।

एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के प्रवर्तक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), अमुंडी इंडिया होल्डिंग और अमुंडी एसेट मैनेजमेंट हैं। कंपनी को 1993 में सेबी से एसबीआई म्यूचुअल फंड की एसेट मैनेजमेंट कंपनी के रूप में कार्य करने की मंजूरी मिली थी।

इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, एक्सिस कैपिटल, बोफा सिक्योरिटीज इंडिया, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया), आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, जेफरीज इंडिया, जेएम फाइनेंशियल, मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स हैं। इश्यू का रजिस्ट्रार केफिन टेक्नोलॉजीज है।

बुक बिल्डिंग प्रक्रिया के तहत शुद्ध निर्गम का 50% तक हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी), कम-से-कम 15% गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) और कम-से-कम 35% खुदरा (रिटेल) निवेशकों के लिए आरक्षित रहेगा। इसके अलावा पात्र एसबीआई शेयरधारकों, एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के कर्मचारियों तथा एसबीआई के कर्मचारियों के लिए भी आरक्षण रखा गया है। कर्मचारी आरक्षण श्रेणी में आवेदन करने वाले पात्र कर्मचारियों को 54 रुपये प्रति शेयर की छूट दी जायेगी। (शेयर मंथन, 9 जुलाई 2026)