बाजार पर दिखा ईरान-इजरायल के बीच युद्ध का असर, निफ्टी 247, सेंसेक्स 793 अंक गिर कर बंद

इजरायल पर ईरान के हमले से वैश्विक बाजार सतर्क दिखे। एशिया के बाजारों में 0.5%-1.5% तक की कमजोरी देखने को मिली। शुक्रवार को डाओ जोंस 475 अंक टूटकर बंद हुआ।

 वहीं नैस्डैक और S&P 500 पर भी भारी गिरावट रही। डाओ के लिए 2024 का सबसे खराब हफ्ता साबित हुआ। पिछले हफ्ते डाओ जोंस 2.4%, S&P 500 1.6% और नैस्डैक 0.5% तक के नुकसान के साथ बंद हुआ। यूरोप के बाजार में दबाव देखा गया। गिफ्ट निफ्टी की करीब 140 अंकों की कमजोरी के साथ शुरुआत हुई। वैश्विक बाजारों से मिले संकेतों के आधार पर भारतीय बाजार भारी गिरावट के साथ खुले। हालाकि दिन में निचले स्तर से बाजार में थोड़ा सुधार देखने को मिला। आखिरी कारोबारी घंटे में बाजार में दोबारा दबाव देखने को मिला और बाजार दिन के निचले स्तर के करीब बंद हुआ।

सेंसेक्स ने 73,315 का निचला स्तर छुआ तो वहीं 73,906 का ऊपरी स्तर छुआ। निफ्टी ने 22,259 का निचला स्तर तो 22,427 का ऊपरी स्तर छुआ। निफ्टी बैंक ने 47,726 का निचला स्तर छुआ तो वहीं 48,255 का ऊपरी स्तर छुआ। सेंसेक्स 1.14% या 845 अंक गिर कर 73,400 पर बंद हुआ। निफ्टी 1.10% या 247 अंक गिर कर 22,272 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी 1.63% या 791 अंक गिर कर 47,773 पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 788 अंकों की गिरावट देखी गई। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप में 280 अंकों की कमजोरी देखी गई।

निफ्टी के गिरने वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस रहा जिसमें 2.85% तक की गिरावट देखने को मिली। वहीं बजाज फिनसर्व भी 2.46% तक के नुकसान के साथ बंद हुआ। विप्रो 2.42% और ICICI बैंक में 2.40% तक की कमजोरी देखी गई। निफ्टी के चढ़ने वाले शेयरों में ओएनजीसी (ONGC) रहा जिसमें 5.33% तक की तेजी दिखी। वहीं हिन्डाल्को के शेयर में 2.35% की बढ़त देखी गई। मारुति सुजुकी 1.27% बढ़त के साथ बंद हुए।

आज के कारोबार में फोकस में रहने वाले शेयरों में सेनको गोल्ड रहा जिसमें 18% तक का बड़ा उछाल देखने को मिला। बेहतर कारोबारी अपडेट से शेयर में तेजी दिखी। वहीं एस्टर डीएम हेल्थकेयर के विशेष डिविडेंड के ऐलान से शेयर 7% तक की मजबूती देखी गई। इसके अलावा थर्मैक्स 4.42% तक की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं एक्साइड इंडस्ट्रीज में 2.84% की मजबूती देखी गई।

जिन शेयरों में बड़ी खरीदारी देखने को मिली उसमें कैपरी ग्लोबल रहा जिसमें 12.70% तक का शानदार उछाल देखने को मिला। वहीं पूर्वांकरा भी 9.5% तक की मजबूती के साथ बंद हुआ। सीएसबी (CSB) बैंक का शेयर 6.54% तक की बढ़त के साथ बंद हुआ। ग्रिंडवेल नॉर्टन 4% की तेजी के साथ बंद हुआ। जिन शेयरों में बिकवाली देखने को मिली उसमें केईसी इंटरनेशनल रहा जिसमें 6% की कमजोरी देखी गई। वहीं गल्फ ऑयल में 5.80% तक का नुकसान देखने को मिला। एनबीसीसी (NBCC) 5.60% और सिरका पेंट्स में 5% तक की कमजोरी रही।

(शेयर मंथन, 15 अप्रैल 2024)