हुआवेई विवाद के कारण दबाव में एशियाई बाजार

मंगलवार को एशियाई बाजारों में नकारात्मक रुझान के साथ मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

अमेरिका द्वारा हुआवेई को ब्लैकलिस्ट किये जाने के बाद गूगल ने भी हुआवेई के सख्त रुख अपनाते हुए व्यापार स्थगित कर दिया है। गूगल ने हुआवेई का एंड्रायड लाइसेंस भी रद्द कर दिया, यानी अब गूगल हुआवेई को अपने हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और तकनीकी सेवाएँ नहीं देगी। साथ ही गूगल से हुआवेई को एंड्रायड अपडेट भी नहीं मिलेगा। हुआवेई विवाद के कारण अमेरिकी बाजार में भी गिरावट देखने को मिली।
भारतीय समय के अनुसार करीब 8.40 बजे जापान का निक्केई (Nikkei) 83.11 अंक या 0.39% की कमजोरी के साथ 21,218.62 पर है। दूसरी ओर हॉन्ग-कॉन्ग का हैंग-सेंग (Hang Seng) 5.10 अंक या 0.02% की मामूली बढ़त के साथ 27,792.71 पर चल रहा है। वहीं चीन का शंघाई कंपोजिट (Shanghai Composite) 1.25% ऊपर है, जबकि सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) 0.37% की गिरावट दिखा रहा है।
इसके अलावा दक्षिण कोरिया के कॉस्पी (Kospi) में 0.63% की मजबूती है, जबकि ताइवान का ताइवान वेटेड (Taiwan Weighted) 0.29% की वृद्धि दिखा रहा है। (शेयर मंथन, 21 मई 2019)