मामूली कमजोरी के साथ बंद हुए भारतीय शेयर बाजार

गिरावट के साथ शुरुआत के बाद भारतीय बाजार के दिग्गज सूचकांक दिन भर के कारोबार में अपना नुकसान काफी हद तक पाटने में कामयाब रहे।

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) गुरुवार के बंद स्तर 38,140.47 के मुकाबले आज शुक्रवार को कमजोरी के साथ 37,949.59 पर खुला। जल्दी ही यह नीचे की ओर 37,748.41 तक फिसल गया। हालाँकि दोपहर बाद सेंसेक्स ने न केवल नुकसान को पाट लिया, बल्कि हरे निशान में भी आ गया। लेकिन कुछ मिनटों के बाद सेंसेक्स फिर से लाल निशान में चला गया और आखिरकार 11.57 अंकों या 0.03% की मामूली कमजोरी के साथ 38,128.90 पर बंद हुआ।
एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) आज 21.30 अंकों या 0.19% की गिरावट के साथ 11,194.15 पर बंद हुआ। इससे पहले यह नीचे की ओर 11,090.30 तक लुढ़क गया था। आज निफ्टी के केवल सात शेयर मजबूती दर्ज करने के बाद बंद हुए, जबकि 43 शेयर कमजोरी के साथ। निफ्टी के शेयरों में एचसीएल टेक (HCL Tech) में 4.69%, रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) में 4.40% और टेक महिन्द्रा (Tech Mahindra) में 3.55% की बढ़त दर्ज की गयी। दूसरी ओर जी इंटरटेनमेंट (ZEEL) में 4.84% और हिन्डालको इंडस्ट्रीज (Hindalco Industries) में 3.46% की कमजोरी देखी गयी। निफ्टी के शेयरों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने शुक्रवार के कारोबार में भी अपना नया सर्वकालिक उच्चतम स्तर बनाया। इससे पहले बुधवार और गुरुवार के कारोबार में भी यह ऐसा करने में सफल रहा था। इसके अलावा एचसीएल टेक ने भी आज 52 हफ्तों का अपना नया स्तर बनाया। (शेयर मंथन, 24 जुलाई 2020)