एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक में क्या यह खरीदारी का सही समय है?

एक निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक (HDFC Bank and Kotak Mahindra Bank) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर को लेकर इस समय बाजार में काफी असमंजस और निगेटिव सेंटीमेंट देखने को मिल रहा है।  खासकर एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे बड़े बैंकों को लेकर। हाल के दिनों में यह धारणा बन रही है कि बैंकिंग सेक्टर में प्रॉफिट पूल घट रहा है और पीएसयू बैंक तेजी से मार्केट शेयर हासिल कर रहे हैं, जिसके कारण प्राइवेट बैंकों की ग्रोथ और वैल्यूएशन पर दबाव आ सकता है। हालांकि, अक्सर देखा गया है कि जब इस तरह की नकारात्मक कहानियां बाजार में जोर पकड़ती हैं, तब ही एक संभावित टर्नअराउंड की नींव भी तैयार हो रही होती है।

अगर मूलभूत नजरिए से देखें तो भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ अभी भी मजबूत प्राइवेट बैंक ही हैं। एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक जैसे बैंक क्रेडिट ग्रोथ के मुख्य स्तंभ हैं। यदि आने वाले समय में 12-15% की क्रेडिट ग्रोथ होती है, तो इन बैंकों के पास उस ग्रोथ को कैप्चर करने की क्षमता सबसे अधिक है। इसलिए यह मान लेना कि ये बैंक लंबे समय तक कमजोर रहेंगे, व्यावहारिक नहीं लगता। निवेश के दृष्टिकोण से, ऐसे बैंक ट्रेडिंग के लिए नहीं बल्कि पोर्टफोलियो के लिए उपयुक्त होते हैं। मौजूदा गिरावट को एक अवसर के रूप में देखा जा सकता है, लेकिन इसमें जल्दबाजी से बचना जरूरी है। बाजार में फिलहाल विदेशी निवेशकों (FII) की बिकवाली और अनिश्चित वैश्विक परिस्थितियों के कारण दबाव बना हुआ है, जिससे कीमतों में और उतार-चढ़ाव संभव है। ऐसे में या तो निवेशक ट्रेंड रिवर्सल का इंतजार करें, जब स्टॉक्स फिर से मजबूती दिखाना शुरू करें या फिर चरणबद्ध (staggered) तरीके से निवेश करते रहें।

इसके अलावा, बाजार की दिशा काफी हद तक ग्लोबल फैक्टर्स जैसे कच्चे तेल की कीमतों और जियोपॉलिटिकल स्थिति पर निर्भर करेगी। अगर ऑयल प्राइस स्थिर रहते हैं और वैश्विक तनाव कम होता है, तो बैंकिंग सेक्टर में रिकवरी तेज हो सकती है। वहीं, अगर ये जोखिम बने रहते हैं, तो बाजार में और दबाव आ सकता है। प्राइवेट बैंकिंग स्टॉक्स में निवेश के लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज है धैर्य। अल्पकाल में उतार-चढ़ाव जरूर रहेगा, लेकिन 12–18 महीनों के कंसोलिडेशन के बाद यही स्टॉक्स मजबूत रिटर्न देने की क्षमता रखते हैं। इसलिए निवेशकों को घबराने के बजाय एक संतुलित और लंबी अवधि की रणनीति अपनानी चाहिए।


(शेयर मंथन, 01 मार्च 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)