संजीव जैन
इक्विटी रिसर्च प्रमुख, जेआरके स्टॉक ब्रोकिंग
मौजूदा परिस्थितियों में मेरा मानना है कि मजबूत बुनियादी स्थिति वाली कंपनियों में धीरे-धीरे निवेश बढ़ाना आने वाले समय में संपत्ति सृजन करने की सही रणनीति हो सकती है।
दिसंबर 2026 तक सेंसेक्स करीब 81,000 और निफ्टी करीब 25,300 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए सेंसेक्स का मेरा लक्ष्य 83,500 और निफ्टी का लक्ष्य 26,200 है। अगले 12 महीनों में भारतीय बाजार वैश्विक बाजारों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। पर सेंसेक्स 1 लाख का स्तर छू सके, इसके लिए वर्ष 2030 तक प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है।
इस समय कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की अपेक्षाकृत स्थिर स्थिति और भूराजनीतिक तनाव में कमी भारत के लिए एक मजबूत सकारात्मक माहौल बना रहे हैं। इसके विपरीत, कमजोर मानसून और बढ़ती महँगाई बाजार के लिए प्रमुख जोखिम हैं।
अगले 6 महीनों में अमेरिका-ईरान संघर्ष और भूराजनीतिक परिस्थितियाँ, कंपनियों के तिमाही नतीजे तथा महँगाई और ब्याज दरों की दिशा भारतीय बाजार के लिए महत्वपूर्ण कारक होंगे। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, भूराजनीतिक तनाव और एफपीआई का भारतीय बाजार के प्रति रुख भी बाजार की दिशा को प्रभावित करेगा।
अमेरिका-ईरान संघर्ष का भारतीय बाजार पर अब तक हल्का नकारात्मक प्रभाव रहा है। मेरा मानना है कि अमेरिका तथा ईरान के बीच अंतिम समझौता हो सकता है। मुझे उम्मीद है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अगले तीन महीनों में हो सकता है। यदि यह समझौता अगले 3-6 महीनों में हो जाता है, तो इसका भारतीय बाजार पर काफी सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय में 10-20% की वृद्धि की उम्मीद है। अगले 12 महीनों में मुझे बिजली, बैंकिंग, एआई से जुड़े शेयरों और एफएमसीजी क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इसके विपरीत, आईटी, सीमेंट, धातु एवं खनन और रियल एस्टेट क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर रह सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए मेरी पसंद के शेयरों में सुजलॉन, जियो फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, नेस्ले, ईटर्नल और आईटीसी होटल्स शामिल हैं।
जेनरेटिव एआई के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल ने भारतीय आईटी कंपनियों के लिए कारोबारी परिदृश्य बदल दिया है। अब उन्हें केवल कम लागत वाले कर्मचारियों के आधार पर काम करने वाले मॉडल से आगे बढ़ कर नवाचार आधारित रणनीति अपनानी होगी। एआई को तेजी से अपनाना अब विकल्प नहीं, बल्कि जरूरी हो गया है, ताकि सामान्य कोडिंग और मेंटेनेंस से जुड़ी नौकरियों के अप्रासंगिक होने के जोखिम से बचा जा सके। इसका भारतीय शेयर बाजार पर असर फिलहाल उदासीन रह सकता है, लेकिन भारतीय आईटी कंपनियों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण बदलाव है।
मुझे उम्मीद है कि एफपीआई जल्द ही भारतीय बाजार में फिर से शुद्ध खरीदार बन सकते हैं। इसमें वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे और सरकार का रुख महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 91-95 के दायरे में रहने की संभावना है।
(शेयर मंथन, 22 जुलाई 2026 )