सिद्धार्थ खेमका
रिटेल रिसर्च प्रमुख, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल
अगले कुछ महीनों में कच्चे तेल की ऊँची कीमतों, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार बिकवाली और आय वृद्धि का चक्र (अर्निंग साइकल) धीमे होने के कारण बाजार सीमित दायरे में रह सकता है।
घरेलू निवेश प्रवाह और अपेक्षाकृत उचित मूल्यांकन बाजार में गिरावट को सीमित करने में मदद कर सकते हैं। मौजूदा परिस्थितियों में निफ्टी का 1 साल आगे का मूल्य-आय अनुपात (पी/ई) घट कर 18.6 गुना रह गया है। हालाँकि, बाजार में टिकाऊ तेजी के लिए कंपनियों की आय वृद्धि दर में सुधार, कमोडिटी कीमतों में स्थिरता और विदेशी निवेशकों की वापसी जरूरी होगी।
सेंसेक्स अगले 6 महीनों में 82,000 और निफ्टी 25,500 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए सेंसेक्स 90,000 और निफ्टी 28,000 के लक्ष्य की ओर बढ़ सकते हैं। इन 12 महीनों में भारतीय बाजार का प्रदर्शन वैश्विक बाजारों की तुलना में बेहतर रह सकता है। सेंसेक्स को 1 लाख का स्तर पाने में वर्ष 2028 तक का समय लग सकता है।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय में 0-10% की वृद्धि की उम्मीद है। मेरा मानना है कि 2026-27 में निफ्टी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) 1,235 रुपये रहेगी, जो बढ़ कर 2027-28 में 1,430 रुपये हो सकती है। भारत की जीडीपी वृद्धि दर दोनों वित्त वर्षों में लगभग 6.5% रहने का अनुमान है।
अगले 6 महीनों में कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ भारत की जीडीपी वृद्धि दर बाजार के लिए महत्वपूर्ण कारक होंगे। वैश्विक स्तर पर मानसून, कंपनियों के नतीजे और कच्चे तेल की कीमतों की दिशा भी बाजार को प्रभावित कर सकती है। अमेरिका-ईरान संघर्ष का भारतीय बाजार पर अब तक हल्का नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। हालाँकि अमेरिका और ईरान के बीच आखिरकार समझौता हो जाने की उम्मीद है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता 3 महीनों के भीतर हो सकता है। यदि अगले 3-6 महीनों में ऐसा समझौता होता है, तो इसका भारतीय बाजार पर काफी सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 91-95 के दायरे में रह सकता है।
क्षेत्रों की बात करें तो अगले 12 महीनों में ऑटोमोबाइल, सरकारी बैंक, विविधीकृत वित्तीय सेवाएँ, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) एवं औद्योगिक (इंडस्ट्रियल) क्षेत्र, कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी और नये युग के कारोबार से जुड़े प्लेटफॉर्म बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
इसके अलावा, मजबूत आय दृश्यता और घरेलू संरचनात्मक वृद्धि की संभावनाओं वाले विनिर्माण, पूँजीगत सामान, रक्षा, बिजली, नवीकरणीय ऊर्जा (रीन्यूएबल एनर्जी), केबल एवं वायर और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों को मैं प्राथमिकता दूँगा। इसके विपरीत, तेल एवं गैस, निजी क्षेत्र के बैंक, धातु, कंज्यूमर स्टेपल्स, आईटी और कमोडिटी क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर रह सकते हैं। मेरी पसंद के शीर्ष 5 शेयरों में टाइटन, भारतीय स्टेट बैंक, कमिंस इंडिया, लेंसकार्ट और शेली इंजीनियरिंग शामिल हैं।
(शेयर मंथन, 23 जुलाई 2026)