एआई बुलबुला फूटना शुरू हो गया, दूसरी छमाही में खरीदार बनेंगे एफपीआई

विवेक महाजन

वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आदित्य बिड़ला मनी

भारतीय शेयर बाजार का रुख सकारात्मक बना हुआ है और निवेशकों को बाजार में निवेश बनाये रखना चाहिए। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी भारतीय बाजार के लिए सकारात्मक कारकों में से एक है। हालाँकि, सामान्य से कम मानसून की आशंका बाजार के लिए नकारात्मक जोखिम है।

अगले 6 महीनों में कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक अर्थव्यवस्था, अमेरिका की शुल्क नीति, भारत की आर्थिक वृद्धि तथा महँगाई एवं ब्याज दरों का बाजार पर महत्वपूर्ण प्रभाव रहेगा। अमेरिका-ईरान संघर्ष का भारतीय बाजार पर अब तक हल्का नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौते को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के अगले 3 महीनों में होने की उम्मीद है और इससे भारतीय बाजार पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।

मुझे लगता है कि वैश्विक कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े शेयरों में तेजी का बुलबुला फूटना शुरू हो गया है और इसके कारण बाजार में एआई से विपरीत दिशा में निवेश की रणनीति देखने को मिल रही है। अगले 6 महीनों में अमेरिकी ब्याज दरें प्रमुख वैश्विक कारक रहेंगी। दूसरी छमाही में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक भारतीय बाजार में फिर से शुद्ध खरीदार बन सकते हैं।

दिसंबर 2026 तक सेंसेक्स 85,000 और निफ्टी 27,000 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए मेरा सेंसेक्स लक्ष्य 92,000 और निफ्टी लक्ष्य 27,500 है। वर्ष 2028 तक सेंसेक्स 1 लाख का स्तर हासिल कर सकता है। वित्त वर्ष 2026-27 में निफ्टी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) 1,450 रुपये और 2027-28 में 1,650 रुपये रहने का अनुमान है। कंपनियों की आय वृद्धि (अर्निंग ग्रोथ) 2026-27 की पहली छमाही में 0-10% के दायरे में रहेगी। वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28, दोनों में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7% रह सकती है। अगले 6 महीनों में डॉलर की कीमत 95-99 रुपये के दायरे में रह सकती है। 

अगले 12 महीनों में भारतीय बाजार वैश्विक बाजारों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। मेरी नजर में रक्षा (डिफेंस), औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल), इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सेवाएँ (ईएमएस) और प्रीमियम उत्पादों से जुड़े क्षेत्र बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं, जबकि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र कमजोर रह सकता है। अगले 12 महीनों के लिए मेरी पसंद के प्रमुख 5 शेयरों में वरुण बेवरेजेज (वीबीएल), हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (एचएएल), हिताची एनर्जी इंडिया, स्काई गोल्ड ऐंड डायमंड्स और विंटेज कॉफी शामिल हैं।

(शेयर मंथन, 24 जुलाई 2026)