क्या अब निवेशकों को आईटी से दूसरे सेक्टरों की ओर शिफ्ट होना चाहिए?

वैश्विक स्तर पर एआई से जुड़ी खबरों, विशेषकर अमेरिकी एआई कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) के नए टूल्स के बाद आईटी सेक्टर में हलचल बढ़ गयी है।

सेठी फीनमार्ट के एमडी विकास सेठी का कहना है कि इसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है, जहां पिछले कुछ सत्रों से आईटी शेयरों में कमजोरी देखी जा रही है। ट्रंप टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितता के बाद जो तेज गिरावट आई, उसके बाद आईटी इंडेक्स अपने पहले के सपोर्ट स्तर से भी नीचे फिसल गया और नए निचले स्तर बनाते हुए दिखाई दिया। हालांकि अब मौजूदा स्तरों पर थोड़ी स्थिरता आने की उम्मीद जताई जा रही है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि शॉर्ट टर्म में आईटी शेयरों में तकनीकी आधार पर उछाल (बाउंस) आ सकता है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों में इनमें तेज गिरावट आई है। Infosys, TCS और HCL Technologies जैसे दिग्गज शेयरों में अब सीमित दायरे में स्थिरता देखने को मिल सकती है। लेकिन लंबी अवधि के नजरिए से एआई आधारित डिसरप्शन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

यदि एआई टूल्स वही काम 20% लागत पर करने में सक्षम हैं, जो पारंपरिक आईटी सर्विस कंपनियां कर रही थीं, तो स्वाभाविक रूप से उनके मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है। यही वजह है कि कुछ विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले वर्षों में आईटी सेक्टर के लिए बाजार से बेहतर प्रदर्शन (आउटपरफॉर्मेंस) करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। निवेशकों को यह समझना होगा कि टेक्नोलॉजी में तेज बदलाव के दौर में कारोबारी मॉडल भी बदलते हैं और इसका असर कमाई की संभावनाओं पर पड़ता है।

इस परिदृश्य में रणनीति यह हो सकती है कि जिन निवेशकों के पोर्टफोलियो में आईटी का वजन ज्यादा है, वे किसी भी उछाल पर धीरे-धीरे हिस्सेदारी कम करने पर विचार करें। इसका मतलब यह नहीं कि आईटी सेक्टर पूरी तरह नकारात्मक है, बल्कि यह कि पूंजी सीमित होती है और उसकी अवसर लागत (Opportunity Cost) को ध्यान में रखना जरूरी है। यदि अन्य सेक्टर, जैसे मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग या इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर ग्रोथ और कम डिसरप्शन के साथ अवसर दे रहे हैं, तो वहां पूंजी का पुनर्विनियोजन लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न दे सकता है।


(शेयर मंथन, 17 फरवरी 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)