इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज (EMS) सेक्टर की प्रमुख कंपनी केन्स टेक्नोलॉजी को लेकर निवेशकों में हाल के करेक्शन के बाद फिर से दिलचस्पी बढ़ रही है। एक निवेशक ने इस शेयर में करीब 53 शेयर लगभग 5218 रुपये के भाव पर खरीदे हैं और अब मौजूदा गिरावट के बीच आगे की रणनीति को लेकर सवाल कर रहे हैं।
आईसीआईआईसीआई सिक्योरिटीज के रिटेल रिसर्च हेड पंकज पांडेय का मानना है कि भले ही हाल के समय में इस शेयर की कीमतों में तेज गिरावट और कुछ नकारात्मक खबरों का असर देखने को मिला हो, लेकिन लंबी अवधि के नजरिये से इस क्षेत्र (सेक्टर) की संभावनाएँ मजबूत बनी हुई हैं। भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार नीतिगत कदम उठा रही है। सरकार जल्द ही प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना का दूसरा चरण लाने की तैयारी में है, जिससे इस क्षेत्र की कंपनियों को फिर से प्रोत्साहन मिल सकता है।
इसके अलावा सरकार की ओर से सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 की भी योजना है, जिसमें इस उद्योग के विकास के लिए नया फंड और अतिरिक्त निवेश आने की संभावना है। इन पहलों से इस पूरे क्षेत्र की वृद्धि को मजबूत समर्थन मिल सकता है। हालाँकि निकट अवधि में कुछ चुनौतियाँ भी बनी हुई हैं। वैश्विक स्तर पर मेमोरी चिप्स की कीमतों में उतार-चढ़ाव और व्यापार समझौतों में देरी के कारण कुछ श्रेणियों में माँग प्रभावित हुई है। इसके चलते इस क्षेत्र की कई कंपनियों के शेयरों में दबाव देखने को मिला है।
इसके बावजूद दीर्घकालिक दृष्टि से पंकज पांडेय मानते हैं कि ईएमएस और सेमीकंडक्टर से जुड़ी कंपनियों के लिए भारत एक बड़ा अवसर बन रहा है। विशेष रूप से केन्स टेक्नोलॉजी सेमीकंडक्टर से जुड़ी परियोजनाओं में आक्रामक पूँजीगत व्यय (कैपेक्स) कर रही है, जो भविष्य की वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी वजह से वे मानते हैं कि हाल की तेज गिरावट (करेक्शन) निवेशकों के लिए अवसर बन सकती है। जिन निवेशकों ने ऊँचे स्तरों पर इस शेयर में खरीदारी की है, वे मौजूदा गिरावट में धीरे-धीरे औसत लागत घटाने (एवरेजिंग) पर विचार कर सकते हैं। अल्पावधि में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पर सरकार का बढ़ता फोकस इस क्षेत्र के लिए दीर्घकाल में सकारात्मक संकेत देता है। ऐसे में धैर्य के साथ चरणबद्ध निवेश की रणनीति इस तरह के शेयरों में बेहतर साबित हो सकती है।
पंकज पांडेय से इस सवाल-जवाब का वीडियो आप यहाँ देख सकते हैं -
(शेयर मंथन, 10 मार्च 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! आप अपना सवाल sawal@sharemanthan.com पर ईमेल करें, साथ में अपना नाम, शहर और व्हाट्सऐप्प नंबर भी लिखें।)