क्या कैपिटल गुड्स और डोमेस्टिक कंजम्प्शन का कॉम्बिनेशन सही दांव है?

कैपिटल गुड्स और डोमेस्टिक कंजम्प्शन का संयोजन मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में एक मजबूत और लॉन्ग-टर्म निवेश थीम के रूप में उभर सकता है, लेकिन इसमें समय और धैर्य की जरूरत होगी।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि वैश्विक माहौल जैसे ऊंची कच्चे तेल की कीमतें, जियोपॉलिटिकल तनाव और एक्सपोर्ट से जुड़ी अनिश्चितताएं ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार को काफी प्रभावित किया है। ऐसे में कंपनियां अब ज्यादा फोकस घरेलू बाजार पर कर रही हैं, जहां मांग अपेक्षाकृत स्थिर और भरोसेमंद है। डोमेस्टिक कंजम्प्शन बढ़ने का सीधा असर कैपिटल गुड्स सेक्टर पर पड़ता है। जब देश में उपभोग (consumption) बढ़ता है, तो कंपनियां अपनी उत्पादन क्षमता (capacity) बढ़ाने के लिए नए प्लांट, मशीनरी और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करती हैं। यही कैपेक्स (capex) साइकिल कैपिटल गुड्स कंपनियों के लिए ऑर्डर और ग्रोथ का आधार बनती है। हालांकि, आमतौर पर कंपनियां तभी बड़े निवेश फैसले लेती हैं जब उनकी मौजूदा क्षमता का उपयोग 75 से 80% से ऊपर पहुंच जाता है।

फिलहाल, वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण यह कैपेक्स साइकिल थोड़ी धीमी पड़ सकती है। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और सप्लाई चेन में रुकावटों ने लागत बढ़ा दी है, जिससे कंपनियां नए निवेश को टाल सकती हैं। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टैरिफ, प्रतिबंध और राजनीतिक फैसलों का जोखिम भी बना हुआ है, जिससे एक्सपोर्ट-ओरिएंटेड कंपनियों के लिए भविष्य अनिश्चित हो गया है। इसी वजह से आज के समय में डोमेस्टिक-फोकस्ड कंपनियों पर भरोसा बढ़ रहा है। जिन कंपनियों का बिजनेस भारत के भीतर ही मजबूत है, वे अपेक्षाकृत सुरक्षित मानी जा रही हैं क्योंकि उनकी मांग घरेलू खपत से ही पूरी हो जाती है। हालांकि, कैपिटल गुड्स सेक्टर में ग्रोथ जरूर आएगी, लेकिन इसमें पहले जितनी तेजी की उम्मीद थी, वह थोड़ी देर से आ सकती है। जहां पहले 6 महीनों में सुधार की उम्मीद थी, अब उसे 1 साल या उससे ज्यादा का समय लग सकता है।

कैपिटल गुड्स और डोमेस्टिक कंजम्प्शन का कॉम्बिनेशन लॉन्ग टर्म में मजबूत है, लेकिन शॉर्ट टर्म में वैश्विक परिस्थितियों और लागत दबाव के कारण इसमें उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। निवेशकों को इस थीम में निवेश करते समय लंबी अवधि का नजरिया अपनाना और धैर्य बनाए रखना जरूरी है।

 



(शेयर मंथन, 27 मार्च 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)