क्या आईआरसीटीसी (IRCTC) शेयरों में 750 रुपये के भाव पर फंसे निवेशक क्या करें?

अनुराग जानना चाहते हैं कि उन्हें आईआरसीटीसी (IRCTC) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि आईआरसीटीसी एक मोनोपोली बिजनेस जरूर है, लेकिन मोनोपोली का मतलब हमेशा तेज ग्रोथ नहीं होता। खासकर जब कंपनी एक सरकारी ढांचे में काम कर रही हो, तो उसमें आक्रामक विस्तार और इनोवेशन की गति सीमित हो सकती है। पिछले कुछ सालों में कंपनी ने 15–20% तक की ग्रोथ दिखाई है, जो अच्छी मानी जा सकती है, लेकिन हाल के तिमाहियों में ग्रोथ में थोड़ी सुस्ती भी देखने को मिली है। ऐसे में अगर कंपनी की ग्रोथ 10–15% के आसपास रहती है, तो उसके हिसाब से 25 से 30 के P/E मल्टीपल को ही उचित माना जा सकता है। इस दृष्टिकोण से देखें तो स्टॉक बहुत सस्ता भी नहीं है।

टेक्निकल नजरिए से भी कुछ महत्वपूर्ण स्तर सामने आते हैं। लगभग 560 रुपये के नीचे क्लोज होना एक कमजोर संकेत माना जा सकता है, जबकि 500 से 492 रुपये का जोन एक मजबूत सपोर्ट की तरह देखा जा रहा है। यदि स्टॉक इस स्तर के आसपास स्थिर होता है, तो वहीं से एक संभावित रिकवरी की उम्मीद बन सकती है। दूसरी ओर, अगर ग्रोथ में सुधार होता है और कंपनी 15% से ज्यादा की ग्रोथ दिखाती है, तो स्टॉक 500 से 650 रुपये के बीच एक रेंज में ट्रेड कर सकता है।

जहां तक 400  रुपये पर एवरेजिंग का सवाल है, यह एक बहुत ही आक्रामक और आशावादी स्तर है, जो फिलहाल वास्तविकता से थोड़ा दूर नजर आता है। निवेशकों को अत्यधिक आशावादी होने से बचना चाहिए और वास्तविक डेटा के आधार पर निर्णय लेना चाहिए। बेहतर यही होगा कि किसी भी नई खरीदारी या एवरेजिंग से पहले कंपनी के फंडामेंटल्स, ग्रोथ ट्रेंड और वैल्यूएशन को ध्यान में रखा जाए। आईआरसीटीसीएक स्थिर और अच्छा बिजनेस है, लेकिन इसमें निवेश करते समय “कहानी” के बजाय “संख्या और मूल्य” को प्राथमिकता देना ज्यादा समझदारी होगी।

 



(शेयर मंथन, 14 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)