क्या स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में तेजी के बीच खरीदारी करना बन सकता है बड़ा जोखिम?

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हाल के समय में आई तेज उछाल को लेकर निवेशकों के बीच उत्साह जरूर बढ़ा है, लेकिन इस तेजी के पीछे की सच्चाई को समझना बेहद जरूरी है।

दरअसल, यह उछाल किसी मजबूत फंडामेंटल बदलाव का नतीजा कम और लिक्विडिटी (तरलता) के प्रभाव का परिणाम ज्यादा है। गिरावट के दौरान जिस तरह खरीददारों की कमी के कारण कीमतों में तेज गिरावट आई थी, उसी तरह अब अचानक आई खरीदारी की होड़ ने कीमतों को तेजी से ऊपर धकेला है। लेकिन वॉल्यूम यानी ट्रेडिंग गतिविधि अभी भी औसत स्तर पर ही है, जो इस तेजी को टिकाऊ बनाने के लिए पर्याप्त नहीं मानी जा सकती। ऐसे में अगर इस तेजी को जारी रहना है तो कंपनियों के अच्छे तिमाही नतीजों का समर्थन मिलना जरूरी होगा, जो फिलहाल अनिश्चित नजर आता है।

रणनीति के तौर पर इस समय सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि निवेशक इंडेक्स के पीछे भागने के बजाय स्टॉक-स्पेसिफिक अप्रोच अपनाएं। मिडकैप इंडेक्स भले ही ऊपर जा रहा हो, लेकिन पूरे बाजार के हजारों शेयरों में से कई अब भी पीछे हैं। इसलिए ऐसे शेयर चुनना बेहतर होगा जिनमें हाल में केवल 5-10% की ही तेजी आई हो लेकिन उनके फंडामेंटल मजबूत हों और रिजल्ट्स अच्छे आने की संभावना हो। साथ ही, पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव करते हुए अब कंसंट्रेशन कम करना जरूरी हो गया है। पहले जहां 5-7% का एलोकेशन एक स्टॉक में किया जा सकता था, अब बाजार में बढ़ती अनिश्चितता और ग्लोबल डिसरप्शन को देखते हुए प्रति स्टॉक 2-5% का एलोकेशन ही सुरक्षित माना जा रहा है। इसका मतलब है कि निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में 30-40 शेयरों तक का डाइवर्सिफिकेशन रखना चाहिए, ताकि जोखिम को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सके।

स्मॉलकैप शेयरों में भी यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जहां इंडेक्स 200-डे मूविंग एवरेज के करीब पहुंच चुका है और यहां से आगे की चाल के लिए थोड़ा इंतजार करना समझदारी होगी। स्मॉलकैप में निवेश करते समय इंडेक्स से दिशा जरूर लें, लेकिन अंतिम निर्णय हमेशा स्टॉक के आधार पर ही लें। साथ ही यह समझना जरूरी है कि बाजार में रोटेशन का दौर चलता रहता है। पहले लार्जकैप चलते हैं, फिर मिडकैप और उसके बाद स्मॉलकैप। इसलिए अगर अभी आपका पोर्टफोलियो पीछे है तो घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि धैर्य बनाए रखते हुए सही शेयरों में धीरे-धीरे पोजीशन बनाना ही इस समय की सबसे बेहतर रणनीति है।

 



(शेयर मंथन, 21 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)