शेयर मंथन में खोजें

एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स

4.5 लाख करोड़ रुपये के मकानों की बिक्री वर्ष 2023 में

भारत में आवासीय क्षेत्र की बिक्री में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे वर्ष 2023 में सभी पुराने रिकॉर्ड टूट गये हैं और तिमाही-दर-तिमाही आधार पर भी आवासीय बिक्री का एक नया शिखर बना है।

इसके साथ ही मकानों के कुल बिक्री मूल्य में भी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। रियल एस्टेट सेवा कंपनी एनारॉक ग्रुप ने अपनी एक ताजा रिपोर्ट में बताया है कि वर्ष 2023 की चौथी तिमाही में होने वाली कुल बिक्री के आँकड़े सामने आने से पहले ही मकानों की बिक्री की मजबूत रफ्तार को देखते हुए इस वर्ष बिकने वाले आवासों का कुल मूल्य 4.5 लाख करोड़ रुपये को पार कर जायेगा, जो 2022 के कुल बिक्री मूल्य से 38% अधिक होगा। वर्ष 2022 में 3.27 लाख करोड़ रुपये के आवास बिके थे। दरअसल, 2023 के पहले नौ महीनों में ही मकानों की कुल बिक्री का मूल्य पिछले पूरे वर्ष की तुलना में 7% अधिक हो गया। इस दौरान शीर्ष सात शहरों में नौ महीने की अवधि में लगभग 3,48,776 करोड़ रुपये के मकान बेचे गये, जबकि 2022 के पूरे वर्ष में लगभग 3,26,877 करोड़ रुपये के मकान बेचे गये थे।
जनवरी-सितंबर 2023 के बीच शीर्ष सात शहरों में लगभग 3.49 लाख मकान बेचे गये, जबकि 2022 के पूरे वर्ष में लगभग 3.65 लाख मकान बिके थे। मकानों की बिक्री के मामले में शीर्ष सात शहरों में से मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) पहले स्थान पर रहा, जहाँ 2023 के पहले नौ महीनों में लगभग 1,63,924 करोड़ रुपये के 1,11,280 मकान बिके। इसी अवधि में 50,188 करोड़ रुपये के 49,475 मकानों की कुल बिक्री के साथ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) दूसरे और लगभग 38,517 करोड़ रुपये के लगभग 47,100 मकानों की बिक्री के साथ बेंगलूरु तीसरे स्थान पर रहा। इस दौरान हैदराबाद में लगभग 35,802 करोड़ रुपये के 44,220 आवास बेचे गये। पुणे में लगभग 39,945 रुपये के 63,480 मकान बिके, जो इस शहर में कुछ कम दाम वाले (बजट श्रेणी) आवासों की बढ़ती माँग को दर्शाता है। चेन्नई में 2023 के पहले नौ महीनों में लगभग 11,374 रुपये के 16,310 मकान बिके। कोलकाता में करीब 9,025 करोड़ रुपये के 17,280 मकान बिके, जिससे यहाँ भी किफायती घरों की उच्च बिक्री का संकेत मिलता है।
एनारॉक ग्रुप के अध्यक्ष अनुज पुरी के अनुसार, “तथ्य यह है कि 2023 के प्रथम नौ महीनों में मकानों की बिक्री का मूल्य पूरे 2022 से अधिक हो चुका है, जो इस साल प्रीमियम लग्जरी घरों की बढ़ती माँग को दर्शाता है। यह तब हुआ है, जब इस साल शीर्ष सात शहरों में औसत कीमतें 8-18% तक बढ़ी हैं, जिससे वार्षिक बिक्री मूल्य की तुलना करना मुश्किल हो जाता है।”
पुरी कहते हैं कि अगर हम 2023 में तिमाही-दर-तिमाही बिक्री मूल्यों को देखें तो हर तिमाही में लगातार वृद्धि देखी गयी और कुल बिक्री मूल्य पहले ही एक लाख करोड़ रुपये के आँकड़े को पार कर चुका है। वर्ष 2023 की पहली तिमाही में शीर्ष सात शहरों में 1,12,976 करोड़ रुपये के मकान बिके, जबकि दूसरी तिमाही में 1% की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। वहीं 2023 की तीसरी तिमाही में 8% की बढ़ोतरी देखने को मिली। मौजूदा त्योहारी तिमाही में भी इन शहरों में बिक्री मजबूत रही है और 2023 की अंतिम तिमाही वृद्धि के लिहाज से अलग नहीं होगी। इस तरह हमें उम्मीद है कि 2023 के अंत तक कुल बिके मकानों का मूल्य 4.5 लाख करोड़ रुपये को पार कर जायेगा।
वर्ष 2022 और 2023, दोनों के प्रथम नौ महीनों की तुलना करने पर पता लगा है कि बेचे गये घरों की कुल बिक्री मूल्य में वार्षिक आधार पर 44% की बढ़ोतरी हुई। वर्ष 2022 के पहले नौ महीनों में लगभग 2,43,027 करोड़ रुपये के घर बिके थे, जबकि 2023 की समान अवधि में यह बिक्री करीब 3,48,776 करोड़ रुपये की रही।
शीर्ष सात शहरों में से पुणे में कुल बिके मकानों के बिक्री मूल्य में सबसे अधिक 96% की बढ़ोतरी हुई, जहाँ जनवरी-सितंबर 2022 में बिके लगभग 20,406 करोड़ रुपये के मकानों के मुकाबले जनवरी-सितंबर 2023 में लगभग 39,945 करोड़ रुपये के मकान बिके। चेन्नई में कुल मकानों की बिक्री के मूल्य में 45% की वृद्धि देखी गयी। यहाँ लगभग 7,825 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 11,374 करोड़ रुपये के मकान बिके। 2023 में सितंबर तक हैदराबाद में लगभग 35,802 करोड़ रुपये के मकान बिके, जबकि 2022 में इसी अवधि में बिकने वाले मकानों का मूल्य लगभग 25,001 करोड़ रुपये रहा। यानी हैदराबाद में आवासीय बिक्री मूल्य में 43% की वृद्धि देखी गयी। बेंगलुरु में कुल बिके मकानों के मूल्य में 42% की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। 2022 के पहले 9 महीनों में यहाँ लगभग 27,045 करोड़ रुपये के मकान बिके थे, जबकि 2023 की समान अवधि में यहाँ लगभग 38,517 करोड़ रुपये के मकान बिके।
एमएमआर में 41% वृद्धि के साथ 2023 के प्रथम नौ महीनों में लगभग 1,63,924 करोड़ रुपये के मकान बिके, जबकि 2022 की समान अवधि में लगभग 1,16,242 करोड़ रुपये के मकान बिके थे। एनसीआर में यह आँकड़ा करीब 38,895 करोड़ रुपये से 29% की वार्षिक वृद्धि के साथ लगभग 50,188 करोड़ रुपये पर पहुँच गया। कोलकाता 19% वृद्धि के साथ सबसे पीछे रहा, जहाँ 2022 के पहले नौ महीनों में 7,612 करोड़ रुपये के मकान बिके थे, जबकि 2023 की समान अवधि में शहर में लगभग 9,025 करोड़ रुपये के मकान बिके। (शेयर मंथन, 14 दिसंबर 2023)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"