
संसद के बजट सत्र की शुरुआत से पहले भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड ऊँचाई पर बंद हुए।
सेंसेक्स (Sensex) 26,124 और निफ्टी (Nifty) 77,92 अब तक के सर्वकालिक ऊपरी स्तरों पर रहे।
सेंसेक्स 26,000 और निफ्टी 7,700 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर बंद हुए।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स (Sensex) 138 अंक यानी 0.53% की मजबूती के साथ 26,100 पर रहा। निफ्टी 36 अंक यानी 0.46% चढ़ कर 7,787 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 0.24% की बढ़त रही। बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 0.12% और बीएसई स्मॉलकैप (BSE Smallcap) में 0.60% की बढ़त रही। क्षेत्रों के लिहाज से आज आईटी और टीईसीके में सबसे ज्यादा खरीदारी का रुख रहा।
मिले-जुले एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। सेंसेक्स 26,000 के स्तर से ऊपर खुला। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स-निफ्टी रिकॉर्ड ऊँचाई तक चढ़ गये। हालाँकि कारोबार के दूसरे घंटे में बाजार की मजबूती में कमी आयी। इस दौरान बाजार में एक सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। मिले-जुले यूरोपीय संकेतों के बीच घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा। सेंसेक्स 26,000 के स्तर से नीचे फिसल गया। हालाँकि जल्द ही यह सँभल कर इस स्तर से ऊपर आ गया। दोपहर के कारोबार में बाजार की मजबूती में थोड़ी कमी आयी। हालाँकि इसके बाद बाजार की मजबूती बढ़ती चली गयी। कारोबार के आखिरी घंटे में बाजार का जोश बढ़ा। इस दौरान सेंसेक्स 26,124 और निफ्टी 7,792 सर्वकालिक रिकॉर्ड स्तरों तक चढ़े। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में मजबूती के साथ बंद हुए।
क्षेत्रों के लिहाज से आज आईटी क्षेत्र में सबसे ज्यादा 2.63% की तेजी रही। टीईसीके में 2.16%, पावर में 1.12% की मजबूती रही। हेल्थकेयर में 0.80%, ऑटो में 0.69%, कैपिटल गुड्स में 0.57%, एफएमसीजी में 0.31% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.05% की बढ़त रही। धातु में 0.02% की मामूली बढ़त रही। दूसरी ओर, बैंकिंग में 1.21% की गिराव रही। तेल-गैस में 0.91% और रियल्टी में 0.14% की कमजोरी रही। (शेयर मंथन, 07 जुलाई 2014)
Add comment