
कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
निफ्टी (Nifty) 8,100 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे बंद हुआ।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 59 अंक यानी 0.22% की गिरावट के साथ 27,027 पर रहा। निफ्टी 9 अंक यानी 0.11% की कमजोरी के साथ 8,087 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 0.28% की बढ़त रही। बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 0.46% की बढ़त और बीएसई स्मॉलकैप (BSE Smallcap) में 1.15% की मजबूती रही। क्षेत्रों के लिहाज से आज ऑटो और बैंकिंग में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा।
मिले-जुले एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। कारोबार के शुरुआती मिनटों में ही निफ्टी 8,100 के स्तर को पार कर गया। इस दौरान सेंसेक्स 27,179 और निफ्टी 8,123 दिन के ऊपरी स्तरों तक चढ़ गये। हालाँकि कारोबार के दूसरे घंटे में बाजार की मजबूती में आयी। कमजोर यूरोपीय संकेतों के बीच घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा। निफ्टी 8,100 के स्तर से नीचे फिसल गया। इस दौरान बाजार बढ़त गवाँ कर लाल निशान पर लुढ़क गया। सेंसेक्स 27,000 के स्तर से ऊपर-नीचे होता रहा। इस दौरान 26,921 और निफ्टी 8,050 दिन के निचले स्तरों तक लुढ़क गये। दोपहर के कारोबार में बाजार में एक सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। हालाँकि दोपहर बाद के कारोबार में बाजार की गिरावट में कमी आती चली गयी। सेसेक्स 27,000 के स्तर से ऊपर लौट आया, लेकिन कारोबार के आखिरी घंटों में बाजार में एक बार फिर गिरावट बढ़ी। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में गिरावट के साथ बंद हुए।
क्षेत्रों के लिहाज से आज ऑटो क्षेत्र में सबसे ज्यादा 0.77% की गिरावट रही। बैंकिंग में 0.40% और एफएमसीजी में 0.29% की कमजोरी रही। दूसरी ओर, रियल्टी में 0.99% की मजबूती रही। कैपिटल गुड्स में 0.90%, धातु में 0.60%, आईटी में 0.50%, टीईसीके में 0.21%, तेल-गैस में 0.16%, हेल्थकेयर में 0.15% और पावर में 0.08% की बढ़त रही। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.01% की मामूली बढ़त के साथ एकदम सपाट रहा।(शेयर मंथन, 05 सितंबर 2014)
Add comment