
कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज गिरावट के साथ बंद हुए।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 55 अंक यानी 0.20% की गिरावट के साथ 27,265 पर रहा। निफ्टी 21 अंक यानी 0.26% की कमजोरी के साथ 8,153 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 0.44% की बढ़त रही। बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 0.51% की बढ़त और बीएसई स्मॉलकैप (BSE Smallcap) में 0.31% की मजबूती रही। क्षेत्रों के लिहाज से आज रियल्टी और आईटी में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा।
मिले-जुले एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत उतार-चढ़ाव के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में ही बाजार की कमजोरी बढ़ी। इसके बाद जैसे-जैसे कारोबार बढ़ता गया, बाजार की गिरावट भी बढ़ती चली गयी। कमजोर यूरोपीय संकेतों के बीच घरेलू बाजार में एक बेहद सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। इस दौरान सेंसेक्स 27,177 और निफ्टी 8,126 दिन के निचले स्तरों तक लुढ़क गये। हालाँकि कारोबार के आखिरी घंटों में बाजार की गिरावट कम होती चली गयी। आखिरकार सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में गिरावट के साथ ही बंद हुए।
क्षेत्रों के लिहाज से आज रियल्टी क्षेत्र में सबसे ज्यादा 1.11% की गिरावट रही। आईटी में 0.82%, तेल-गैस में 0.49%, कैपिटल गुड्स में 0.43% और बैंकिंग में 0.21% की कमजोरी रही। दूसरी ओर, कमज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1.75% की मजबूती रही। एफएमसीजी में 0.86%, पावर में 0.59%, हेल्थकेयर में 0.43%, ऑटो में 0.34% और धातु में 0.10% की बढ़त रही। (शेयर मंथन, 09 सितंबर 2014)
Add comment