उतार-चढ़ाव के बाद भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज मजबूती के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स (Sensex) 28,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर बंद हुआ। निफ्टी (Nifty) 8,400 के स्तर को पार कर गया, लेकिन अंत में इस स्तर से नीचे बंद हुआ।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 28,093 और निफ्टी 8,401 अब तक के रिकॉर्ड स्तरों पर रहे। अक्टूबर 2014 में महँगाई दर पाँच साल के निचले स्तर पर रहने से बाजार को बल मिला। इस दौरान महँगाई दर घट कर 1.77% रही है, जो सितंबर 2014 में 2.38% दर्ज की गयी थी।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 106 अंक यानी 0.38% की मजबूती के साथ 28,047 पर रहा। निफ्टी 32 अंक यानी 0.38% की बढ़त के साथ 8,390 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 0.90% की मजबूती रही। बीएसई के स्मॉलकैप (Smallcap) में 0.52% और बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 0.52% की बढ़त रही। क्षेत्रों के लिहाज से धातु और रियल्टी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा खरीदारी का रुख रहा।
मिले-जुले एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। हालाँकि कारोबार के शुरुआती मिनटों में ही बाजार लाल निशान पर फिसल गया। इस दौरान सेंसेक्स 27,913 और निफ्टी 8,347 दिन के निचले स्तरों तक लुढ़क गये, लेकिन जल्द ही बाजार सँभल कर हरे निशान पर लौट आया। सेंसेक्स 28,000 के स्तर के ऊपर-नीचे एक सीमित दायरे में घूमता रहा। इसके बाद जैसे-जैसे कारोबार बढ़ता गया, बाजार की मजबूती भी बढ़ती चली गयी। मिले-जुले यूरोपीय संकेतों के बीच घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा। दोपहर के कारोबार में बाजार की मजबूती घटती चली गयी। हालाँकि अक्टूबर महीने में महँगाई दर पाँच महीने के निचले स्तर पर रहने की खबर से बाजार को बल मिला। कारोबार के आखिरी घंटों में बाजार बढ़त गँवा कर लाल निशान पर फिसला। सेंसेक्स 28,000 के स्तर से नीचे फिसला। हालाँकि जल्द ही यह सँभल कर इस स्तर से वापस लौट आया। कारोबार के आखिरी मिनटों में बाजार का जोश बढ़ा। निफ्टी पहली बार 8,400 के स्तर को पार कर गया। इस दौरान सेंसेक्स 28,093 और निफ्टी 8,401 दिन के ऊपरी स्तरों तक चढ़ गये, लेकिन निफ्टी जल्द ही इस स्तर से नीचे लुढ़क गया। आखिरकार, सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में मजबूती के साथ ही बंद हुए।
क्षेत्रों के लिहाज से धातु को सबसे ज्यादा 2.53% का फायदा हुआ। रियल्टी में 2.35%, तेल-गैस में 1.06%, बैंकिंग में 0.72%, ऑटो में 0.62%, कैपिटल गुड्स में 0.55%, आईटी में 0.22%, टीईसीके में 0.20% और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.16% की मजबूती रही। दूसरी ओर, हेल्थकेयर में 1.22% की गिरावट रही। एफएमसीजी में 0.12% की कमजोरी रही। (शेयर मंथन, 14 नवंबर 2014)
Add comment