भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक आज तेज गिरावट के साथ बंद हुए।
निफ्टी (Nifty) 8,300 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे बंद हुआ।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 229 अंक यानी 0.82% की गिरावट के साथ 27,602 पर रहा। निफ्टी 63 अंक यानी 0.75% गिर कर 8,293 पर बंद हुआ। सीएनएक्स मिडकैप (CNX Midcap) में 0.96% की गिरावट रही। बीएसई के स्मॉलकैप (Smallcap) में 0.71% और बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 0.66% की कमजोरी रही। क्षेत्रों के लिहाज से तेल-गैस और रियल्टी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा।
मिले-जुले एशियाई संकेतों के बीच घरेलू बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। कारोबार के शुरुआती मिनटों में ही निफ्टी 8,300 के स्तर से नीचे फिसल गया। इस दौरान बाजार की गिरावट बढ़ती चली गयी। इसके बाद बाजार में एक बेहद सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। मिले-जुले यूरोपीय संकेतों के बीच घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा। इस दौरान सेंसेक्स 27,539 और निफ्टी 8,272 दिन के निचले स्तर तक लुढ़क गये। हालाँकि दोपहर के कारोबार में बाजार में गिरावट कम होती चली गयी, लेकिन कारोबार के आखिरी मिनटों में बाजार एक बार फिर तेजी से फिसला। आखिरकार, सेंसेक्स-निफ्टी आज के कारोबार में गिरावट के साथ बंद हुए।
क्षेत्रों के लिहाज से तेल-गैस को सबसे ज्यादा 2.48% का घाटा हुआ। रियल्टी में 2.03%, आईटी में 1.18%, टीईसीके में 1.05%, पावर में 1.03% की गिरावट रही। ऑटो में 0.81%, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.57%, धातु में 0.49%, कैपिटल गुड्स में 0.44%, बैंकिंग में 0.33% और एफएमसीजी में 0.21% की गिरावट रही। दूसरी ओर, हेल्थकेयर में 0.30% की बढ़त रही। (शेयर मंथन, 11 दिसंबर 2014)
Add comment