ग्रीस के डिफॉल्ट होने के बावजूद अमेरिकी बाजार में मंगलवार को तेजी रही। भूमध्य राष्ट्र (Mediterranean nation) और उसके ऋणदाताओं (Lenders) के बीच वार्ता समाप्त करने के फैसले के एक दिन बाद अमेरिकी बाजार में यह तेजी देखने को मिली। डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 23 अंक या 0.13% की मजबूती दर्ज कर 17,620 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 28 अंक या 0.57% की बढ़त के साथ 4,987 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 (S&P 500) में 5 अंक या 0.27% की तेजी रही और यह 2,063 के स्तर पर पहुँचा।
हफ्ते के तीसरे दिन आज एशियाई बाजारों ने तेजी के साथ शुरुआत की है। ज्यादातर बाजार हरे निशान में दिखाई दे रहे हैं। जापान का निक्केई 225 (Nikkei 225) 0.22%, हांग कांग का हैंग सेंग (Hang Seng) 1.09% और सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) 0.66% ऊपर चल रहे है। चीन के शंघाई कंपोजिट (SSE Composite) में 0.38% की बढ़त देखने को मिल रही है। (शेयर मंथन, 1 जुलाई 2015)
Add comment