
पिछले पाँच दिनों से लगातार जारी गिरावट के बाद मंगलवार को अमेरिकी बाजार हरे निशान में बंद हुआ। निवेशकों ने निचले स्तर पर खरीदारी पर जोर दिया। साथ ही फोर्ड, यूपीएस और कुछ अन्य बड़ी कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों से भी बाजार का उत्साह बढ़ा। इस बीच कच्चे तेल की कीमत भी चार महीनों के निचले स्तर से कुछ सँभली। इन सबके बीच न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 190 अंक यानी 1.09% बढ़ कर 17,630 अंक पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 (S&P 500) में भी 26 अंक या 1.24% की बढ़त दर्ज हुई और यह 2,093 के स्तर पर आ गया। नैस्डैक का सूचकांक नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 49 अंक यानी 0.98% बढ़ कर 5,089 पर आ गया।
आज सुबह एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख बना हुआ है। भारतीय समय के मुताबिक सुबह करीब 8.40 बजे जापान का निक्केई 225 (Nikkei 225) 118 अंक या 0.58% की गिरावट के साथ 20,211 पर चल रहा है। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स (Straits Times) भी 0.03% नीचे चल रहा है। लेकिन हांग कांग के हैंग सेंग (Hang Seng) में 0.17% की बढ़त है। चीन का शंघाई कंपोजिट (SSE Composite) भी 0.09% की हल्की बढ़त बनाये हुए है। (शेयर मंथन, 29 जुलाई 2015)
Add comment