गुरुवार 14 जनवरी को अमेरिकी शेयर बाजार में शुरुआती सुस्ती के बाद अच्छी मजबूती आ गयी। कच्चे तेल की कीमतों में कुछ मजबूती लौटने से तेल-गैस कंपनियों के शेयरों में तेजी रही और इसका सकारात्मक असर बाजार की धारणा पर दिखा। इसके अलावा फेडरल रिजर्व की टिप्पणियों से यह संकेत मिला कि मौद्रिक नीति में सख्ती धीरे-धीरे क्रमिक रूप से ही होगी। डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 227.64 अंक या 1.41% की मजबूती के साथ 16,379.05 पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 (S&P 500) भी 31.56 अंक या 1.67% की वृद्धि के साथ 1,921.84 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) 88.94 अंक या 1.97% की तेजी के साथ 4,615.00 पर बंद हुआ।
कच्चे तेल की कीमतों में कल मजबूती का रुझान रहा। अमेरिकी बाजार में डब्लूटीआई क्रूड 0.72 डॉलर या 2.36% की बढ़त के साथ 31.20 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। वहीं लंदन ब्रेंट क्रूड कल लगातार दूसरे दिन 30 डॉलर के नीचे फिसला। यह 29.73 डॉलर तक फिसला, जो फरवरी 2004 से अब तक इसका सबसे कमजोर स्तर है। मगर बाद में यह 0.69 डॉलर या 2.3% की मजबूती दर्ज करते हुए 31.00 डॉलर पर बंद हुआ। (शेयर मंथन, 15 जनवरी 2016)
Add comment