
गुरुवार को आये निराशाजनक तिमाही नतीजों के बाद दवा कंपनी ल्युपिन के शेयर में आज भी तेज गिरावट आयी है। गुरुवार को दोपहर में इसके नतीजे सामने आने के बाद यह शेयर अचानक टूटा था। आज सुबह थोड़ी देर के लिए हरे निशान में रहने के इसमें फिर से कमजोरी का रुझान बन गया है। दोपहर करीब 2.30 बजे यह बीएसई में 59.35 रुपये या 3.43% की गिरावट के साथ 1669.25 रुपये पर चल रहा है।
कल पेश नतीजों के मुताबिक ल्युपिन का अप्रैल-जून 2015 की तिमाही का मुनाफा साल दर साल आधार पर कंपनी 16% गिर कर 525 करोड़ रुपये रहा। मुनाफे में इस गिरावट की वजह अमेरिका में कंपनी की बिक्री में आयी कमी है। जून 2015 में खत्म तिमाही में ल्युपिन की अन्य आय बढ़ी और टैक्स मद में होने वाला खर्च भी कम रहा। इसके बावजूद कंपनी का मुनाफा गिरा है।
इसके अलावा कल ल्युपिन ने यह घोषणा भी की है कि वह अमेरिकी जेनेरिक दवा कंपनी गाविस फार्मास्युटिकल्स का 5,606 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी। इससे कंपनी को अमेरिका में अपनी घटती आय को बढ़ाने में मदद मिलेगी। ल्युपिन की कुल आय में अमेरिकी बाजार की करीब आधी हिस्सेदारी है। एक महीने के अंदर ल्युपिन का विदेश में यह दूसरा अधिग्रहण है।
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में ल्युपिन की आय 5.7% गिर कर 3,150 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी को 3,340.82 करोड़ रुपये आय हुई थी। जून 2015 में खत्म तिमाही में अमेरिकी बाजार में कंपनी की बिक्री साल-दर-साल आधार पर 31.8% घट कर 18 करोड़ डॉलर रह गयी। पिछले साल इसी अवधि में अमेरिकी बाजारों में बिक्री से कंपनी को 26.2 करोड़ डॉलर की आय हुई थी। जापान और दक्षिण अफ्रीका में भी कंपनी की बिक्री में गिरावट आयी है। (शेयर मंथन, 24 जुलाई 2015)
Add comment