शेयर मंथन में खोजें

बाजार में सकारात्मक रुझान, क्या निफ्टी (Nifty) चला 7000 की ओर?

राजीव रंजन झा : बीते हफ्ते गुरुवार की तेज उछाल के बाद कल सोमवार को भी भारतीय शेयर बाजार (Share Market) ने अपना सकारात्मक रुझान बनाये रखा, जिससे अब निफ्टी (Nifty) के लिए 7000 का लक्ष्य बिल्कुल हकीकत बन कर सामने दिखने लगा है।

हालाँकि मौजूदा स्तरों पर जरा सावधानी से इसकी चाल को देखना होगा। कारण यह है कि इस अप्रैल महीने में सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी ने अब तक जो दायरा बनाया है, अभी यह इस दायरे के बिल्कुल ऊपरी छोर पर है। अगर सेंसेक्स का इस महीने का निचला स्तर देखें तो 22,198 पर है, जबकि ऊपर की ओर कल यह 22,795 तक चढ़ा। इससे पहले 10 अप्रैल को भी सेंसेक्स 22,792 पर अटका था।

सेंसेक्स ने 7 अप्रैल की तलहटी 22,198 से 10 अप्रैल के शिखर 22,792 तक 594 अंक की उछाल दर्ज की थी। इसके बाद सेंसेक्स की अगली तलहटी 16 अप्रैल को 22,247 पर बनी। वहाँ से 594 अंक की ही उछाल के आधार पर स्वाभाविक लक्ष्य 22,841 का बनता है, यानी कल के बंद स्तर 22,765 से केवल 76 अंक ऊपर। इस स्वाभाविक लक्ष्य को तात्कालिक बाधा के तौर पर भी देखा जा सकता है।

निफ्टी में इसी तरह 6650-6819 तक 169 अंक की उछाल आयी थी, जिसके बाद 6665 की तलहटी से 169 अंक ऊपर 6834 का लक्ष्य बनता है। यह कल के बंद स्तर 6818 से केवल 16 अंक दूर है। इसलिए अगर निफ्टी 6830-6840, बल्कि कुछ और ऊपर 6850 के आसपास थकता दिखे तो सावधान हो जाना चाहिए।

अगर यह 6850 के आसपास, जरा ऊपर-नीचे कहीं एकदम रुक कर पलटने ही लग जाये तो यह ज्यादा लंबी अवधि की संरचना के लिए भी महत्वपूर्ण हो सकता है, लेकिन अभी उसकी बात करने की जरूरत महसूस नहीं हो रही है। वैसा होता दिखेगा तो उसकी बात करेंगे। अभी अगर निफ्टी इन स्तरों को पार करके आगे बढ़े तो इसके बाद 7,000 को छूना शायद केवल औपचारिकता होगी।

आज के कारोबार में सहारे के लिहाज से पहले तो 6800 पर नजर रखें। इसके नीचे जाने पर कुछ मुनाफावसूली का दबाव बन सकता है। अगर यह 6780 से नीचे गया तो 6750 की ओर जा सकता है। इसके नीचे 6720 का स्तर टूटने पर अगले कुछ दिनों के लिए बाजार की चाल बिगड़ सकती है। वैसी हालत में पिछली दो ताजा तलहटियों, 6650 और 6665 को मिलाने वाली रुझान रेखा 6680 के आसपास सहारा दे सकती है। Rajeev Ranjan Jha

(शेयर मंथन, 22 अप्रैल 2014)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"