शेयर मंथन में खोजें

सुधार के मूड में बाजार, आज भी लाल निशान में खुलने के आसार

भारतीय शेयर बाजार आज गुरुवार (03 नवंबर) को भी सुधार के मूड में नजर आ रहे हैं। सिंगापुर निफ्टी से मिल रहे संकेत बाजार में आज भी गिरावट जारी रहने का इशारा कर रहे हैं। सुबह 8.00 बजे के आसपास सिंगापुर निफ्टी में 170.5 अंकों की नरमी दिखाई दे रही है और 0.94% गिर कर 17,992.0 के स्तर पर मंडरा रहा है। आज प्रमुख एशियाई बाजार ही नहीं यूरोपीय और अमेरिकी बाजारों में भी गिरावट है। बुधवार (02 नवंबर) को देर रात आये फेडरल रिजर्व के ब्याज दर बढ़ाने के फैसले का असर साफ नजर आ रहा है।

इससे पहले बुधवार (02 नवंबर) को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। सुबह प्री-ओपनिंग में बीएसई और एनएसई तेजी के साथ खुले थे। हालाँकि कुछ ही देर में बाजार लुढ़क कर लाल निशान में पहुंच गये और फिर पूरे दिन वहीं मंडराते रहे। एनएसई का निफ्टी 62.55 अंक की गिरावट के साथ 0.34% फिसल गया और 18,082.85 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स भी 215.26 अंकों की नरमी के साथ 0.35% गिर कर 60,906.09 के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों की बात करें तो आज सुबह से हर तरफ लाली छायी हुई है। जापान के निक्केई में 0.06% की मामूली गिरावट नजर आ रही है। हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में सबसे ज्यादा गिरावट नजर आ रही है। यह 2.26% फिसल गया है। शंघाई कंपोजिट में 0.22% की नरमी दिख रही है। दक्षिण कोरिया के स्टॉक एक्सचेंज कॉस्पी में भी 0.61% की गिरावट है।

यूरोपीय बाजार अभी खुले नहीं हैं और यहाँ बुधवार (02 नवंबर) को सभी प्रमुख बाजारों में नरमी देखने को मिली थी। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 0.58% की गिरावट दर्ज की गयी थी। पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 0.81% की नरमी के साथ 6,276.88 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट का डैक्स 30 (DAX30) भी 0.61% लुढ़क गया और 82.00 अंक गिर कर बंद हुआ था।

अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने भारतीय समयानुसार बुधवार देर रात महँगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरें 75 बेसिस प्वाइंट बढ़ा दीं। इस फैसले का असर अमेरिकी बाजारों पर बुधवार (02 नवंबर) को देखने को मिला और आज एशियाई बाजार भी इससे अछूते नहीं दिखे। अमेरिका के सभी प्रमुख बाजारों में कल भी गिरावट दर्ज की गयी थी। डॉव जोंस 505.44 अंक या 1.55% की नरमी के साथ 32,147.76 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 366.05 अंक या 3.36% फिसल गया और यह 10,524.80 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 में कल के कारोबार में 96.41 अंक या 2.50% की गिरावट आयी और यह 3759.69 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 03 नवंबर 2022)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"