शेयर मंथन में खोजें

News

भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट

2.43: भारतीय शेयर बाजार गिरावट की चपेट में आ गये हैं। इस समय सेंसेक्स 162 अंकों की कमजोरी के साथ 8,931 पर है, जबकि निफ्टी 46 अंक नीचे 2,709 पर है। बीएसई धातु सूचकांक को छोड़ कर बाकी सभी क्षेत्रीय सूचकांक लाल निशान में चल रहे हैं। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑटो सूचकांक लगभग 4% नीचे चल रहे हैं। मारुति सुजुकी में 8.06%, आईसीआईसीआई बैंक में 5.56%, विप्रो में 5.24% और बीएचईएल में 5.09% की गिरावट है। डीएलएफ और आईटीसी भी करीब 4% कमजोरी पर हैं। रिलायंस इन्फ्रा, टाटा पावर और महिंद्रा एंड महिंद्रा में लगभग 3.5% की गिरावट है। लेकिन ग्रासिम इंडस्ट्रीज में 2% की मजबूती है।

डॉव मजबूत, एशिया में लाली

शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन डॉव जोंस की मजबूती जारी रही और इस तरह 21 नवंबर को मजबूती का दौर शुरू होने के बाद से यह अब तक करीब 17% की बढ़त हासिल कर चुका है। हालांकि शुक्रवार को डॉव जोंस में 102 अंकों की मजबूती रही, लेकिन सप्ताह के इस आखिरी कारोबारी सत्र में कारोबार की काफी कम मात्रा देखी गयी। विश्लेषक मानते हैं कि हालांकि बाजारों में कुछ हद तक विश्वास की बहाली अवश्य हुई है, लेकिन अभी भी निवेशकों को रक्षात्मक खरीदारी पर अधिक जोर देना चाहिए। जानकारों का मानना है कि इस हफ्ते जारी होने वाली कई रिपोर्टों के बाद बाजार के आत्मविश्वास का सही-सही अंदाजा लगाया जा सकेगा। एक ओर श्रम विभाग द्वारा रोजगार रिपोर्ट प्रस्तुत की जायेगी, वहीं उपभोक्ताओं के खर्च और मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र के आंकड़े भी जारी किये जाने वाले हैं। शुक्रवार को नाइमेक्स में कच्चे तेल का भाव 0.01 डॉलर गिर कर 54.43 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। आज सुबह 8 बजे एशियाई बाजारों में लाली छायी हुई है, हालांकि ताइवान वेटेड में हल्की मजबूती है।

मजबूती के साथ बंद हुए भारतीय शेयर बाजार

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर हुए आतंकी हमलों का करारा जवाब देते हुए शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त दर्ज करने के बाद बंद हुए। हमलों के मद्देनजर एक दिन बंद रहने के बाद भारतीय शेयर बाजारों में आज गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को दिन भर शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और आखिरकार बाजार बुधवार के बंद स्तर की तुलना में मजबूती दर्ज करने में सफल रहे। लगभग 270  अंकों के दायरे में कारोबार करने के बाद बीएसई सेंसेक्स 66 अंक यानी 0.73%  की बढ़त के साथ 9,093 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी सूचकांक 3 अंक यानी 0.10% की मजबूती के साथ 2755 पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार हरे निशान में बंद

सप्ताह के आखिरी  कारोबारी दिन शुक्रवार को प्रमुख एशियाई शेयर बाजारों में मजबूती का रुख रहा, हालांकि चीन के शंघाई कंपोजिट सूचकांक में 2.44% की गिरावट दर्ज की गयी। जापान का निक्केई 1.66%  की मजबूती दर्ज करने के बाद बंद हुआ। जहां हांगकांग के हैंग सेंग सूचकांक में 2.48% की मजबूती रही, वहीं दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार का सूचकांक कॉस्पी 1.18% चढ़ने के बाद बंद हुआ। सिंगापुर के स्ट्रेट टाइम्स सूचकांक में 1%  की मजबूती दर्ज की गयी।  जकार्ता कंपोजिट में 3.28% की बढ़त देखी गयी। ताइवान वेटेड सूचकांक लगभग सपाट बंद हुआ।

दूसरी तिमाही में विकास दर घट कर 7.6% पर

जुलाई-सितंबर 2008 की तिमाही में भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 7.6% की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है, जबकि इससे ठीक पहले अप्रैल-जून की तिमाही में 7.9% की विकास दर रही थी। पिछले साल की इसी तिमाही, यानी जुलाई-सितंबर 2007 में 9.3% की ऊँची विकास दर दर्ज हुई थी। केंद्रीय सांख्यिकीय संगठन (सीएसओ) के ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में योगदान करने वाले सभी आठ प्रमुख क्षेत्रों के बढ़ने की दर पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में घटी है।

घबरायें हमारे दुश्मन

Rajeev Ranjan Jhaराजीव रंजन झा

मुंबई में कोई भी बड़ी आतंकवादी घटना होने पर मन में यही ख्याल आता है कि शेयर बाजार में भी एक अफरातफरी मचेगी, लोग घबराहट में औने-पौने भावों पर बिकवाली करेंगे और सेंसेक्स में एक बड़ी गिरावट दिखेगी। हम सबके मन में एक बार फिर से 1993 की यादें कौंध जाती हैं। लेकिन ऐसे किसी भी मौके पर हमारा घबरा जाना ही वह लक्ष्य है, जो हमारा दुश्मन चाहता है। ऐसी वारदातें क्यों होती हैं, हमें डराने और घबराने के लिए ही तो। इसलिए इन घटनाओं के जवाब में हमारी पहली प्रतिक्रिया यही होनी चाहिए कि हम घबरायें नहीं। यही उम्मीद करनी चाहिए बाजार में शुरुआती डगमगाहट जो भी हो, लेकिन मुंबई में आतंकवादी हमले का शेयर भावों पर कोई खास असर नहीं रहेगा।

Page 4121 of 4138

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"