शेयर मंथन में खोजें

सेंसेक्स (Sensex) के लिए 24,950, निफ्टी (Nifty) के लिए 7460 पर सहारा

राजीव रंजन झा : इराक के संकट की वजह से कच्चे तेल की कीमत में उछाल, मानसून की कमजोरी और महँगाई दर में फिर से वृद्धि जैसी खबरों ने शेयर बाजार का उत्साह तोड़ा है।

इसके चलते सेंसेक्स (Sensex) पिछले हफ्ते 25,725 का नया उच्चतम स्तर बनाने के बाद शुक्रवार को तेजी से लुढ़का और कल यह 25,064 के निचले स्तर तक फिसल गया। अब क्या बाजार में और गिरावट की संभावना बनती है, या इन स्तरों के पास सहारा लेने के बाद यह फिर से ऊपर की चाल शुरू करेगा?

अगर केवल मंगलवार के एकदिनी (इंट्राडे) कारोबार के नजरिये से देखें तो सेंसेक्स 25,060 के नीचे जाने पर बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ेगा। निफ्टी (Nifty) में यह स्तर 7,485 का है। हालाँकि ज्यादा आक्रामक कारोबारी सेंसेक्स 25,135 के नीचे और निफ्टी 7,515 के नीचे जाने पर ही कमजोरी का रुझान मान सकते हैं।

आज अगर बाजार ने कमजोरी की राह पकड़ी तो सेंसेक्स के लिए अगला प्रमुख सहारा 24,950 पर और निफ्टी के लिए 7,460 पर दिखता है। उसके नीचे का अगला पड़ाव सेंसेक्स के लिए 24,765 और निफ्टी के लिए 7,400 का है, लेकिन उन स्तरों तक जाने में बाजार को एक-दो दिन और समय लग सकता है।

लेकिन अगर सेंसेक्स 25,135 और निफ्टी 7,515 को न तोड़ें तो सकारात्मक संभावनाएँ बन सकती हैं। सेंसेक्स 25,255 के ऊपर निकले तो 25,365 की ओर बढ़ने की स्थिति बनेगी। निफ्टी 7,550 के ऊपर जाने पर 7,580-7,590 तक चढ़ने की उम्मीद रहेगी।

सेंसेक्स के लिए 25,365 और निफ्टी के लिए 7,590 को तात्कालिक तौर पर प्रमुख बाधा के तौर पर देखना चाहिए। छोटी अवधि में इनकी चाल वापस ऊपर की ओर मुड़े, इसके लिए जरूरी होगा कि दोनों इन स्तरों को पार करके इनके ऊपर टिक सकें।

अगर छोटी से मध्यम अवधि की बात करें तो फिलहाल बाजार का रुझान सकारात्मक ही दिखता है। लेकिन निफ्टी 7460 के नीचे जाने पर एक खटका पैदा हो जायेगा। केवल खटका इसलिए कह रहा हूँ कि 7400 के पास अभी एक ठीक-ठाक सहारा दिखता है। अगर आगे आने वाले दिनों में 7400 का स्तर भी टूट जाये तो छोटी से मध्यम अवधि के लिए रुझान नकारात्मक बनने का खतरा पैदा हो जायेगा। वैसी स्थिति में करीब 7,300 तक फिसल जाना तो काफी स्वाभाविक होगा। उसके आगे की बात वैसा होने पर। लेकिन इतना अभी जरूर कहा जा सकता है कि 7200 के ऊपर कहीं भी एक तलहटी बना कर बाजार फिर से ऊपर की ओर चलने लगे तो छोटी से मध्यम अवधि का सकारात्मक रुझान बरकरार रहने की उम्मीद होगी। किसी वजह से अगर निफ्टी 7,200 के नीचे जाने लगे तो यह ज्यादा चिंता की बात होगी। निफ्टी के लिए 7200-7300 के बीच मध्यम अवधि के बड़े सहारे नजर आते हैं। Rajeev Ranjan Jha

(शेयर मंथन, 17 जून 2014)

 

Comments 

Ravish Mishra
0 # Ravish Mishra 2014-06-17 20:45
aapne likha ki अगर सेंसेक्स 25,135 और निफ्टी 7,515 को न तोड़ें तो सकारात्मक संभावनाएँ बन सकती हैं aur ekdam waisa hi hua! Oopar aapne Nifty ka 7590 ka target diya, wo bhee aa gaya. Ab naya target kya hai aapka?
Reply | Report to administrator

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"