क्या सोना-चाँदी में निवेश से पहले जियोपॉलिटिकल स्थिति साफ होना जरूरी है?

वैश्विक बाजारों में सोने और चाँदी की चाल फिलहाल सतही तौर पर शांत दिखाई दे रही है, लेकिन अंदरूनी स्तर पर अनिश्चितता बनी हुई है। 

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि सोने में किसी तरह की घबराहट वाली तेज खरीदारी नहीं दिखी है। आमतौर पर जब भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता है तो सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने में तेज उछाल आता है, लेकिन इस बार वैसी प्रतिक्रिया स्पष्ट नहीं दिख रही। इसका अर्थ यह निकाला जा सकता है कि बाजार अभी “नो डिसीजन जोन” में है। सोना ऊपर जाने के लिए निर्णायक ट्रिगर का इंतजार कर रहा है, जबकि नीचे की दिशा में भी कोई आक्रामक बिकवाली नहीं दिख रही।

तकनीकी दृष्टि से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बहुत शॉर्ट टर्म में हायर-लो पैटर्न बना रहा है, जो हल्की मजबूती का संकेत देता है। हालांकि, जब तक कोई बड़ा जियोपॉलिटिकल ट्रिगर सामने नहीं आता, जैसे पश्चिम एशिया से जुड़ी स्थिति में स्पष्टता, तब तक बड़ी दिशा तय होना मुश्किल है। ऐसे में सोना फिलहाल निवेश की बजाय ट्रेडिंग का साधन अधिक लगता है। निवेशक यदि इसमें पोजीशन लेते भी हैं तो हालिया स्विंग लो को स्टॉप लॉस मानकर ही चलना बेहतर होगा।

चाँदी की स्थिति सोने से अधिक अस्थिर है। हाल के सत्रों में इसमें 7-8% तक की तेज उठापटक देखी गई, जो इसकी उच्च वोलैटिलिटी को दर्शाती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चाँदी व्यापक दायरे में झूल रही है और जब तक वोलैटिलिटी पूरी तरह शांत नहीं होती, तब तक मौजूदा करेक्टिव पैटर्न को पूरा नहीं माना जा सकता। मनोवैज्ञानिक रूप से भी एक निश्चित स्तर के ऊपर स्थायी मजबूती दिखे बिना इसमें नई सकारात्मक धारणा बनना कठिन है।

रुपये के संदर्भ में देखें तो चाँदी में तेज उछाल के बाद भी जोखिम पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। हालिया गिरावट के बाद जो रिवर्सल दिखा है, वह अधिकतर तकनीकी रिकवरी माना जा सकता है। कुल मिलाकर, सोना और चांदी दोनों ही फिलहाल निवेश श्रेणी से अधिक ट्रेड श्रेणी के उम्मीदवार हैं। जो भी रणनीति अपनाई जाए, उसमें सख्त स्टॉप लॉस और जोखिम प्रबंधन बेहद जरूरी है, क्योंकि मौजूदा माहौल में किसी भी दिन दिशा अचानक बदल सकती है।


(शेयर मंथन, 26 फरवरी 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)