उपभोग और ऋण वृद्धि से बाजार में तेजी की उम्मीद

शोमेश कुमार

निवेश सलाहकार

भारतीय शेयर बाजार लंबे समय से समेकन (कंसोलिडेशन) के दौर से गुजर रहा है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के कारण यह दौर कुछ लंबा खिंच गया। 

इस समेकन (कंसोलिडेशन) से मूल्यांकन सामान्य स्तर पर आने में मदद मिली है और कमजोर निवेशक भी बाजार से बाहर हुए हैं। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही से कंपनियों की लाभप्रदता में सुधार दिखने लगा है। कॉर्पोरेट आय (अर्निंग) में 2026-27 की पहली छमाही में 0-10% की वृद्धि हो सकती है। अब 2026-27 और 2027-28 में भारतीय शेयर बाजार में मजबूत वापसी की संभावना है, जिसमें मँझोली (मिडकैप), छोटी (स्मॉलकैप) और सूक्ष्म (माइक्रोकैप) कंपनियाँ आगे रह सकती हैं। 

अब बाजार में हर शेयर को खरीदने का दौर समाप्त हो गया है। निवेशकों को विकास की संभावना वाले क्षेत्रों से चुनिंदा कंपनियों का चयन करना होगा और उन्हें अपना प्रदर्शन करने के लिए समय देना होगा। निवेशकों और कारोबारियों को 2021 से 2023 के दौरान आसानी से तेज रिटर्न मिला था, पर वह दौर अब बीत चुका है। अब निवेशकों को अधिक मेहनत करनी होगी, लेकिन सही चयन और धैर्य का निश्चित रूप से परिणाम मिलेगा।

अगले 6 महीनों में सेंसेक्स 85,000 और निफ्टी 26,000 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए सेंसेक्स का मेरा लक्ष्य 93,000 और निफ्टी का लक्ष्य 29,000 है। इन 12 महीनों में भारतीय बाजार का प्रदर्शन वैश्विक बाजारों की तुलना में बेहतर रह सकता है। सेंसेक्स का 1 लाख का स्तर वर्ष 2027 में दिखने की आशा बन रही है।

भारत की जीडीपी वृद्धि दर 2026-27 में 6.5% और 2027-28 में 6.7% रहने का अनुमान है। बाजार के लिए सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू संभावित उपभोग उछाल और उसे समर्थन देने वाली ऋण वृद्धि है। हालाँकि, कच्चे तेल के आयात पर होने वाला बहुत अधिक खर्च बाजार के लिए सबसे बड़ा नकारात्मक पहलू है।

अगले 6 महीनों में कंपनियों के तिमाही नतीजे तथा महँगाई और ब्याज दरों की दिशा बाजार के लिए महत्वपूर्ण कारक होंगे। अमेरिका-ईरान संघर्ष का भारतीय बाजार पर काफी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौता हो पायेगा या नहीं, इसे लेकर मैं निश्चित नहीं हूँ। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता भी अनिश्चित लग रहा है। संभव है कि यह समझौता 2027 में किसी समय हो पाये। हालाँकि यदि अगले 3-6 महीनों में ऐसा समझौता हो जाता है, तो इसका भारतीय बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

ब्याज दरों के बारे में मेरा मानना है कि वैश्विक स्तर पर इनमें कुछ समय के लिए वृद्धि हो सकती है, लेकिन ये लंबे समय तक ऊँची नहीं रहेंगी। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 91-95 के दायरे में रह सकता है। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के साथ 2027 में महँगाई कम होने की संभावना है। अगले 6 महीनों में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों की दिशा बाजार के लिए सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक कारक होगी। मुझे उम्मीद है कि जब एआई से जुड़ा निवेश रुझान अपने चरम पर पहुँचेगा, तब एफपीआई भारतीय बाजार में फिर से शुद्ध खरीदार बन सकते हैं। यह स्थिति वित्त वर्ष 2026-27 में किसी समय बन सकती है। 

मेरा मानना है कि एआई का बुलबुला अभी नहीं फूटा है। हालाँकि, बुलबुला बनना शुरू हो गया है, लेकिन इसके फूटने में अभी समय लग सकता है। एआई कंपनियों का मूल्यांकन ऊँचा है, लेकिन अभी इसे असामान्य रूप से बहुत अधिक नहीं कहा जा सकता।

क्षेत्रों की बात करें तो अगले 12 महीनों में उपभोग, बैंकिंग-वित्तीय सेवाओं, औद्योगिक एवं पूँजीगत वस्तुओं, मीडिया, स्वास्थ्य सेवा और फार्मा क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इसके विपरीत, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है।

(शेयर मंथन, 22 जुलाई 2026)