सिटी ग्रुप के 10,000 कर्मियों पर छंटनी की तलवार

ब्रिटिश टेलीकॉम के कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा किये जाने के बाद कामगारों के लिए एक और बुरी खबर यह है कि सिटी ग्रुप भी 10,000 और कर्मचारियों की छंटनी करने तैयारी में है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कंपनी सिटी ग्रुप में 10,000 और कर्मचारियों की छंटनी की योजना है। यह छंटनी सिटी ग्रुप के इनवेस्टमेंट बैंक और दूसरे डिवीजन्स में की जानी है।  अगर ऐसा हुआ तो सिटी ग्रुप द्वारा की गयी छंटनी का आंकड़ा साल 2008 में 23,000 तक पहुंच जायेगा।

गुरुवार को दूरसंचार क्षेत्र की कंपनी ब्रिटिश टेलीकॉम (बीटी) ने 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि भारत में स्थित उसके कर्मचारियों की नौकरी पर फिलहाल कोई खतरा नहीं है। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस छंटनी से प्रभावित होने वाले ज्यादातर लोग ब्रिटिश हैं। देश के हिसाब से सही-सही आंकड़ा देना अभी संभव नहीं है, लेकिन इतना जरूर है कि भारत में लोगों को नहीं हटाया जा रहा है। लगभग 600 लोग भारत में बीटी की नौकरी करते हैं।