यू के सिन्हा (U K Sinha) हो सकते हैं नये सेबी (SEBI) चेयरमैन

यूटीआई एसेट मैनेजमेंट (UTI Asset Management) के चेयरमैन यू के सिन्हा (U K Sinha) शेयर बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के नये चेयरमैन हो सकते हैं।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय ने यू के सिन्हा के नाम पर मुहर लगा दी है। हालाँकि अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
माना जा रहा है कि यूके सिन्हा 17 फरवरी को नए चेयरमैन का पदभार ग्रहण कर सकते हैं। इसी दिन सेबी के मौजूदा चेयरमैन सी भी भावे का कार्यकाल खत्म हो रहा है। यूके सिन्हा का कार्यकाल 5 साल का होगा।
कैबिनेट सचिव के एम चंद्रशेखर की अगुवाई में एक खोज कमेटी (Search Panel) ने दिसंबर में यूके सिन्हा सहित कई उम्मीदवारों का साक्षात्कार किया था। उसी समय यू के सिन्हा का नाम तय होने की खबर थी।
यूके सिन्हा यानी उपेंद्र कुमार सिन्हा म्यूचुअल फंडों के संगठन एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (Association of Mutual Funds in India) के अध्यक्ष भी है। 1974 बैच के आईएस (IAS) अधिकारी यू के सिन्हा वित्त मंत्रालय में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। (शेयर मंथन, 31 जनवरी 2011)