बुधवार के कारोबार में भारतीय शेयर बाजार गिरावट दर्ज करने के बाद बंद हुए। सेंसेक्स में 262 अंकों की कमजोरी रही और यह 9,715 पर बंद हुआ। निफ्टी 88 अंकों की गिरावट के साथ 2,954 पर रहा। अमेरिका में फेडरल रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरें घटाने से उत्साहित भारतीय शेयर बाजारों में दिन के कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई और सेंसेक्स 10,000 के स्तर के ऊपर खुला। लेकिन सत्यम कंप्यूटर्स द्वारा मेटास इन्फ्रा से संबंधित सौदा करने और उसके बाद उसे निरस्त करने के नाटकीय घटनाक्रम से हतप्रभ बाजार लाल निशान में चले गये। दोपहर तक बाजारों में एक सीमित दायरे के भीतर उतार-चढ़ाव बना रहा। लेकिन यूरोपीय शेयर बाजारों में गिरावट और अमेरिकी वायदा कारोबार के कमजोर खुलने के बाद दोपहर बाद के कारोबार में भारतीय बाजारों में गिरावट बढ़ गयी।
बीएसई मिडकैप सूचकांक में 3.33% और बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 2.6% की कमजोरी रही। बीएसई के सभी क्षेत्रवार सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा मार रियल्टी सूचकांक को पड़ी और यह 7% से अधिक की कमजोरी के बाद बंद हुआ। बीएसई में टीईसीके, पावर, धातु और आईटी सूचकांक में भी 4% से अधिक गिरावट रही।
शेयर बाजारों में आज की गिरावट में सत्यम कंप्यूटर्स को भारी मार पड़ी और इनमें 30.22% की कमजोरी दर्ज की गयी। रिलायंस इन्फ्रा और रिलायंस कम्युनिकेशंस में 13% से अधिक गिरावट रही। जयप्रकाश एसोसिएट्स में 12.1%, एसीसी में 9.2% और डीएलएफ में 8.6% की कमजोरी दर्ज की गयी। टाटा पावर, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और बीएचईएल में 4-6% की गिरावट देखी गयी। आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस और विप्रो में 1.5-2.5% की मजबूती रही।
आज के कारोबार में बीएसई रियल्टी सूचकांक में 7.3% की गिरावट रही। इंडियाबुल्स रियल एस्टेट में 11.13% और ऑर्बिट कॉरपोरेशन में 10.57% की कमजोरी रही। यूनिटेक, महिंद्रा लाइफस्पेस, अंसल इन्फ्रा, पार्श्वनाथ और पेनिनसुला लैंड में 6-9% की गिरावट दर्ज की गयी। बीएसई टीईसीके सूचकांक में 5% से अधिक कमजोरी देखी गयी। मोजर बेयर में 11.1% और रोल्टा इंडिया में 10.2% की गिरावट रही। डिश टीवी इंडिया, तानला सॉल्यूशंस, एडलैब्स और आइडिया सेलुलर में 7.5-10% की कमजोरी दर्ज की गयी।
बीएसई पावर सूचकांक 4.44% गिर कर बंद हुआ। जीवीके पावर में 14% की कमजोरी रही। सुजलॉन एनर्जी, क्रॉम्पटन ग्रीव्ज, रिलायंस पावर और लैंको इन्फ्रा में 5.8-9.4% की गिरावट दर्ज की गयी। बीएसई धातु सूचकांक में 4.3% की कमजोरी रही। वेलस्पन गुजरात में 13.6% की गिरावट आयी। सेल, एनएमडीसी, इस्पात इंडस्ट्रीज, जिंदल सॉ और जेएसडब्ल्यू स्टील में 6.8-8.8% की कमजोरी देखी गयी।