बजट के वक्त गिरे बाजार में सुधार शुरू

केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा वित्त वर्ष 2016-17 के लिए सोमवार को पेश आम बजट पर बीएसई सेंसेक्स में शुरुआती दो-चार मिनट की बढ़त के बाद तेज गिरावट आने लगी थी। लेकिन बजट पेश हो जाने के बाद सेंसेक्स में सुधार शुरू हो गया है। 

सोमवार को सुबह बीएसई में कारोबार शुरू होने से पूर्व 9:00 बजे सेंसेक्स 23,153.15 अंक पर था। 9:15 बजे जैसे ही बाजार खुला, सेंसेक्स गिरते हुए 23,100.31 अंक तक चला गया। बजट शुरू होने से पूर्व 11:00 बजे सेंसेक्स 23,106.83 अंक पर था। लेकिन केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने विपक्ष के तीन-चार मिनट के हो-हल्ले के बाद जब बजट पेश करना शुरू किया तो 11:06 बजे सेंसेक्स 23,247.44 अंक तक चढ़ गया। बजट के प्रावधान शुरू होने पर सेंसेक्स फिर गिरने लगा। करीब 11:32 बजे सेंसेक्स 23,127.16 अंक पर था। जैसे-जैसे वित्त मंत्री प्रावधान पेश करते गये, सेंसेक्स गिरता गया। दोपहर 12:26 बजे सेंसेक्स  22,534.66 अंक के निचले स्तर तक चला गया। लेकिन  फिर सुधार शुरू हुआ  और सेंसेक्स 13:12 बजे हरे निशान (23,138.65 अंक) में लौट आया। अपराह्न 2:10 बजे सेंसेक्स बढ़ कर 23,216.22 अंक तक चला गया। (शेयर मंथन, 29 फरवरी, 2016)

 

 

 

 

वित्त वर्ष 2016-17 का आम बजट पेश होने से पूर्व शेयर बाजार निराश नजर आ रहा था।