अमेरिकी शेयर बाजारों से एशियाई शेयर बाजारों के अलगाव की बहस बेशक जारी है, लेकिन साल 2008 में एशियाई बाजार भी अच्छी-खासी गिरावट के शिकार बने। चीन के शंघाई कंपोजिट का हाल सबसे बुरा रहा और इस दौरान इसमें 65.4% की भारी गिरावट आयी। जापान के निक्केई सूचकांक में इस साल के दौरान 42% से अधिक की गिरावट आयी, जबकि ताइवान के ताइवान वेटेड में 46% की कमजोरी रही।
एशिया के सबसे लिक्विड बाजार माने जाने वाले सिंगापुर और हांगकांग के बाजारों का भी बीते साल यही हाल रहा। स्ट्रेट्स टाइम्स सूचकांक में 49% से अधिक और हैंग सेंग में 48% से अधिक की गिरावट आयी। थाईलैंड के शेयर बाजार सूचकांक में 47.6% की कमजोरी दर्ज की गयी। जहाँ भारतीय शेयर बाजार के सेंसेक्स सूचकांक में 52.4% की कमजोरी रही, वहीं पाकिस्तान के शेयर बाजार सूचकांक में 58% से अधिक की गिरावट आयी। यदि विदेशी निवेशकों की बात करें, तो इस दौरान विदेशी निवेशकों ने कुल मिला कर करीब 60 अरब डॉलर की पूँजी एशियाई बाजारों से निकाल ली।