उत्तर-पूर्वी मैदानी इलाकों में सुबह के समय रहेगा कोहरा - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान तटीय तमिलनाडु और केरल में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।

वहीं त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय और असम में भी कुछ स्थानों में बारिश होगी। मुख्यतः देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर-पूर्वी मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरा महसूस किया जायेगा। देश की राजधानी दिल्ली में भी सुबह के समय धुन्ध के साथ शुष्क मौसम बना रहेगा। हालाँकि दोपहर सुहावनी होगी। अगले 24 से 48 घंटों में भारत के पूर्वी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमानों में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। उत्तर-पूर्वी राज्यों में घनी धुन्ध का अनुभव किया जायेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान तटीय तमिलनाडु, केरल, राजस्थान और पूर्वोत्तर राज्यों में अलग-अलग जगहों पर बारिश दर्ज की गयी। उत्तर-पूर्वी राज्यों में सुबह के समय एक-दो जगह पर धुन्ध का अनुभव किया गया। वहीं गंगीय मैदानी इलाकों में घना कोहरा अनुभव किया गया।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
इस समय एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और इसके आस-पास के इलाकों पर है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी बांग्लादेश और इसके आस-पास के क्षेत्र पर बना हुआ है। पूर्वी राजस्थान पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब और पूर्व की और बढ़ गया है। जम्मू-कश्मीर पर बना पश्चिमी विक्षोभ अब पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। एक विपरीत हवाओं का क्षेत्र गुजरात और इसके आस-पास के क्षेत्र पर देखा जा सकता है। (शेयर मंथन, 27 अक्टूबर 2018)