विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) में 58.89 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी

16 नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 58.89 करोड़ डॉलर बढ़ कर 393.580 अरब डॉलर हो गया।

इससे पिछले सप्ताह में फोरेक्स 12.12 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 393.01 अरब डॉलर रह गया था। आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 16 नवंबर 2018 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 50.6 करोड़ डॉलर बढ़ कर 368.541 अरब डॉलर हो गयी, जिससे कुल भंडार को काफी सहारा मिला। गौरतलब है कि 13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स ने 426.02 अरब डॉलर का रिकॉर्ड स्तर छुआ था।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के मुताबिक 16 नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में देश का स्वर्ण भंडार 7.3 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ 20.961 अरब डॉलर, जबकि विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 57 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 1.453 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 44 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 2.623 अरब डॉलर रह गयी। (शेयर मंथन, 24 नवंबर 2018)