हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की उम्मीद - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के एक-दो हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की उम्मीद है।

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय तमिलनाडु और केरल में हल्की बारिश की उम्मीद है। झारखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ और मराठवाड़ा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर और नागालैंड में एक-दो स्थानों में हल्की बारिश की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर पर हल्के से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। वहीं कुछ जगहों पर घना कोहरा रिकॉर्ड किया जा सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की जायेगी।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के अधिकांश हिस्सों में हलकी से माध्यम बारिश हुई। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों में तथा उत्तराखंड के एक-दो स्थानों में बारिश और बर्फ दर्ज की गयी। दिल्ली-एनसीआर में भी हल्की बारिश देखी गयी। पूर्वी राजस्थान और उत्तर मध्य प्रदेश में कुछ जगहों में वर्षा रिकॉर्ड की गयी। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम के कुछ हिस्सों में, मणिपुर और नागालैंड में कुछ जगह छिटपुट बारिश हुई। उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
निम्न दबाव क्षेत्र अब एक गहरे निम्न दबाव क्षेत्र बन गया है और अब केंद्रीय बंगाल की खाड़ी पर स्थित है। यह अगले 24 घंटों में डिप्रेशन बनने की संभावना है। यही नहीं, अगले 48 से 72 घंटों में यह सिस्टम डीप-डिप्रेशन तथा चक्रवाती तूफान बन सकता है। पश्चिमी विक्षोभ अब जम्मू कश्मीर पर देखा जा सकता है। इसके प्रभाव से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर राजस्थान और आस-पास के दिल्ली-एनसीआर और पश्चिम उत्तर प्रदेश पर बना हुआ है। छत्तीसगढ़ में एक हवाओं का चक्रवात देखा जा सकता है। इससे एक ट्रफ रेखा विदर्भ और आंतरिक कर्नाटक से होती हुई केरल पहुँच रही है। एक और चक्रवात लक्षद्वीप द्वीप समूह पर स्थित है। इसके इलावा पूर्वी बांग्लादेश और असम पर भी एक हवाओं का चक्रवात बना हुआ है। (शेयर मंथन, 12 दिसंबर 2018)