तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार में वर्षा की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक के दक्षिणी हिस्सों, लक्षद्वीप और दक्षिणी अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान शीत लहर छा सकती है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में मध्यम से घना कोहरा छाने का अनुमान है। दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में मध्यम कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण स्तर बेहद खराब श्रेणी में रहेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और विदर्भ पर शीत लहर जैसी परिस्थितियाँ महसूस की गयीं। पंजाब और राजस्थान में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाया रहा। हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मध्यम कोहरा छाया रहा। अमृतसर और श्री गंगानगर में दृश्यता सबसे कम दर्ज की गयी, जो 50 मीटर रही। तटीय-दक्षिणी तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और साथ लगे उत्तरी पाकिस्तान पर बना हुआ है। इससे प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और साथ लगे पंजाब और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर देखा जा सकता है। एक ट्रफ रेखा लक्षद्वीप से कोमोरिन क्षेत्र तक जा रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र असम पर देखा जा सकता है।
एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र महाराष्ट्र पर बना हुआ है। (शेयर मंथन, 24 दिसंबर 2018)