उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में और बढ़ सकता है न्यूनतम तापमान - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

उत्तरी पंजाब और असम के एक-दो स्थानों पर बारिश संभव है। देश के उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान और बढ़ सकता है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ज्यादा रहेगा। गंगा के मैदानी इलाकों में कोहरे की तीव्रता कम हो जायेगी। हालाँकि मध्यम से घना कोहरा कई जगहों पर बना रहेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान असम में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अरुणाचल प्रदेश के एक-दो हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हुई। सिक्किम के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश देखी गयी। उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री बढ़ गया, जबकि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली के कुछ स्थानों के साथ-साथ राजस्थान के कई हिस्सों में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ गया।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में तापमान में मामूली वृद्धि देखी गयी। शीत लहर की स्थिति देश के अधिकांश हिस्सों से विदा हो चुकी है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कई स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। हालाँकि दिल्ली-एनसीआर पर प्रदूषण का स्तर 'बहुत खराब से गंभीर' श्रेणी में रहा।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक नया पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर पर है। मध्य पाकिस्तान के ऊपर एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र है। पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। उत्तर-मध्य महाराष्ट्र के ऊपर एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र है। (शेयर मंथन, 04 जनवरी 2019)