उत्तर प्रदेश में ओला-वृष्टि और बारिश की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में ओला-वृष्टि के साथ छिट-पुट बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना है।

वहीं बिहार, उत्तरी छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है, जबकि झारखंड के एक-दो स्थानों में भी बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य भारत के न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। उधर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री की वृद्धि होगी।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक रूप से बारिश और बर्फबारी हुई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में छिट-पुट ओला-वृष्टि के साथ बारिश और गरज के साथ बौछारें देखने को मिली। पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और बिहार में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। दिन और रात का तापमान उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत में काफी कम हो गया। ठंडे दिन की स्थिति (जहाँ दिन का तापमान 16 डिग्री से अधिक नहीं बढ़ता है) पंजाब और उत्तर हरियाणा के कुछ स्थानों पर देखी गयी। हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और तटीय आंध्र प्रदेश के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है। पश्चिम-मध्य प्रदेश से मराठवाड़ा तक एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा जा रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा पर है। दक्षिण-मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे इक्वेटोरियल हिंद महासागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र मौजूद है। (शेयर मंथन, 23 जनवरी 2019)