फिर 400 अरब डॉलर के नीचे फिसला विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves)

08 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 400 अरब डॉलर से कम हो गया।

सप्ताह के दौरान देश का फोरेक्स 2.119 अरब डॉलर घट कर 398.122 अरब डॉलर हो गया। इससे पिछले सप्ताह में फोरेक्स 2.063 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 400.24 अरब डॉलर हो गया था।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 08 फरवरी 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 2.448 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 370.981 अरब डॉलर की हो गयी, जिससे फोरेक्स के झटका लगा।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स ने 426.02 अरब डॉलर का रिकॉर्ड स्तर छुआ था।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार सपाट 22.686 अरब डॉलर पर ही रहा, जबकि विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 80 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 1.462 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 33.73 करोड़ डॉलर बढ़ कर 2.991 अरब डॉलर हो गयी। (शेयर मंथन, 16 फरवरी 2019)