पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश पश्चिमी भागों में छिटपुट बारिश के आसार - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश समेत उत्तराखंड के भागों में छिटपुट बारिश और हिमपात जारी रहने की संभावना है।

इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश पश्चिमी भागों में अलग-अलग जगहों पर छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली के कुछ भागों में आसमान में बादल छाये रहने के साथ गरज और हल्की बारिश की संभावना है।
वहीं पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बारिश और गरज के साथ वर्षा बढ़ेगी। बिहार और झारखंड में बारिश कम हो जाने की संभावना है। असम और मेघालय को छोड़कर पूर्वोत्तर राज्यों में गरज के साथ हल्की बारिश देखी जा सकती है। मध्य प्रदेश, गुजरात और विदर्भ में तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक और केरल में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि दक्षिण भारत के बाकी हिस्सों में मौसम गर्म और शुष्क बने रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश में दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटो के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश सहित उत्तराखंड के भागों में बारिश के साथ भारी बर्फबारी भी रिकॉर्ड की गयी। उत्तर प्रदेश, बिहार सहित झारखंड और छत्तीसगढ़ के हिस्से में गरज के साथ भारी बारिश देखी गयी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश सहित उत्तराखंड के भागों में बारिश के साथ भारी बर्फ़बारी देखी गयी। मध्य प्रदेश, हरियाणा, पूर्वोत्तर राज्य समेत तटीय आंध्र प्रदेश में भी छिटपुट बारिश दर्ज हुई। उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में कोहरा देखा गया। दक्षिण भारत के इलाकों में मौसम लगभग शुष्क रहा।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पाकिस्तान के केंद्रीय भागों के ऊपर देखा जा सकता है। यहाँ से एक ट्रफ गुजरात तक फैली हुई है। एक दूसरा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बांग्लादेश पर बना हुआ है, जिसके प्रभाव से एक ट्रफ ओडिशा से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश होते हुए तमिलनाडु तक देखी जा सकती है। (शेयर मंथन, 04 मार्च 2019)