एसएमसी ग्लोबल ने एनटीपीसी (NTPC) के शेयर के लिए 8-10 महीने की अवधि में 186 रुपये का लक्ष्य भाव दिया है।
यह लक्ष्य भाव कंपनी के शेयर के मौजूदा भाव से 20% ज्यादा है। एसएमसी का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2016-17 में एनटीपीसी की प्रति शेयर आय (EPS) 13.25 रुपये होगी, जिस पर 14 के पीई अनुपात के मूल्यांकन पर इसने 186 रुपये का लक्ष्य भाव तय किया है।
एनटीपीसी में निवेश के लिए एसएमसी ने तर्क दिया है कि भारत की सबसे बड़ी बिजली कंपनी, विद्युत उत्पादन के कारोबार की पूरी मूल्य श्रृंखला में मौजूद है। साथ ही यह कंसल्टेंसी और टर्नकी के ठेके भी लेती है, जिसमें इंजीनियरिंग, परियोजना प्रबंधन, निर्माण और संचालन के प्रबंधन और बिजली संयंत्रों के प्रबंधन शामिल हैं। चालू वित्त वर्ष में कंपनी की लक्षित अतिरिक्त क्षमता 5,648 मेगावाट है, जिसे कंपनी प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2017-18 के लिए वाणिज्यिक अतिरिक्त क्षमता को 4,500-5,000 मेगावाट करने का लक्ष्य रखा है, जिससे कंपनी की आय में वृद्धि होगी।
एनटीपीसी ने चालू वित्त वर्ष में 30,000 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2017-18 में 28,000 करोड़ रुपये के पूँजीगत खर्च की योजना बनायी है। इसके अलावा एनटीपीसी ने 2022 तक 100 गीगावाट के सोलर पोर्टफोलियो का लक्ष्य तैयार किया है, जिसमें से यह 10 गीगावाट प्राप्त करने की ओर तेजी से बढ़ रही है। एनटीपीसी ने 2032 तक 1,28,000 से अधिक मेगावाट ऊर्जा वाली कंपनी बनने की योजना भी बनायी है।
एसएमसी ने अपनी रिपॉर्ट में जिक्र किया है कि इस समय पूरे भारत में एनटीपीसी 15 कोयला केंद्र, 7 ऊर्जा आधारित केंद्र और 7 ही साझा उद्यम/सहायक विद्युत परियोजनाओं का संचालन कर रही है। कंपनी विदेशों में अपने पैर जमाने की भी योजना बना रही है, जिसके लिए इसने श्रीलंका में 500 मेगावाट (2x250) कोयला आधारित ताप बिजली संयंत्र की स्थापना के लिए श्रीलंका सरकार और सीलोन इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के साथ समझौता किया है। इसके अलावा 31 अक्टूबर को एनटीपीसी ने कोल इंडिया, इंडियन ऑयल, फर्टीलाइजर कॉर्पोरेशन, हिंदुस्तान फर्टिलाइजर के साथ पूरक संयुक्त उद्यम समझौता भी किया है। (शेयर मंथन, 12 नवंबर 2016)