स्वास्थ्य मंत्रालय के एक पैनल ने थेमिस मेडिकेयर (Themis Medicare) द्वारा बनाये जा रहे दर्द निवारक इंजेक्शन डिक्लोफेनाक (Diclofenac) के इस्तेमाल पर चिंता जतायी है।
इस इंजेक्शन का विपणन नोवार्तिस इंडिया (Novartis India) द्वारा किया जाता है। अहमदाबाद में स्थित दवा कंपनी ट्रोइका फार्मा ने इस इंजेक्शन में ट्रांसक्यूटल होने का आरोप लगाया था, जो कि किडनियों को खराब करता है। ट्रोइका फार्मा की शिकायत के बाद इस इंजेक्शन में ट्रांसक्यूटल की जाँच करने के लिए मई में वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान केंद्र (सीएसआईआर) के महानिदेशक गिरीश साहनी की निगरानी में एक पैनल का गठन किया था, जिसने ट्रोइका के आरोपों की पुष्टि की है। इस खबर से थेमिस मेडिकेयर का शेयर कमजोर हुआ है, जबकि नोवार्तिस पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है।
बीएसई में थेमिस मेडिकेयर का शेयर 700.05 रुपये के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 705.00 रुपये पर खुला। हरे निशान में शुरुआत के बाद इसमें गिरावट आनी जारी रही। करीब पौने 12 बजे यह 24.05 रुपये या 3.44% की कमजोरी के साथ 676.00 रुपये पर चल रहा है। वहीं नोवार्तिस 0.24% ऊपर 657.70 रुपये पर है। (शेयर मंथन, 04 जनवरी 2018)