427.67 अरब डॉलर के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुँचा विदेशी मुद्रा भंडार

28 जून को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 1.262 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 427.67 अरब डॉलर के नये सर्वकालिक उच्चतम शिखर पर पहुँच गया।

इससे पहले 21 जून को खत्म हुए सप्ताह में फोरेक्स ने 4.215 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 426.42 अरब डॉलर का शिखर छुआ था। यानी फोरेक्स ने लगातार दूसरे सप्ताह नया रिकॉर्ड बनाया है।
इससे पहले 13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स 426.02 अरब डॉलर तक पहुँचा था। बता दें कि जानकारों के मुताबिक 428 अरब डॉलर का फोरेक्स करीब 10 महीनों तक का आयात संभाल सकता है।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 28 जून 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 1.252 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 399.902 अरब डॉलर पर पहुँच गया, जिससे फोरेक्स पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 22.958 अरब डॉलर पर बरकरार रहा, जबकि विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 30 लाख डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 1.456 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 70 लाख डॉलर बढ़ कर 3.361 अरब डॉलर की हो गयी। (शेयर मंथन, 06 जुलाई 2019)