विदेशी मुद्रा भंडार में हुई 1.578 अरब डॉलर की बढ़ोतरी

19 जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 1.578 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 430.76 अरब डॉलर हो गया।

यह फोरेक्स के लिए एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 12 जुलाई को खत्म हुए सप्ताह में फोरेक्स 1.11 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 428.80 अरब डॉलर रह गया था।
13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स 426.02 अरब डॉलर तक पहुँचा था, जो एक साल से अधिक समय तक रिकॉर्ड बना रहा। बता दें कि जानकारों के मुताबिक 428 अरब डॉलर का फोरेक्स करीब 10 महीनों तक का आयात संभाल सकता है। इस लिहाज से देश के मौजूदा फोरेक्स से 10 महीनों से ज्यादा समय तक देश का आयात खर्च चल सकता है।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 19 जुलाई 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 1.393 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 401.091 अरब डॉलर हो गया, जिससे फोरेक्स पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 24.304 अरब डॉलर पर बरकरार रहा। वहीं विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 33 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 1.447 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 18.86 करोड़ डॉलर बढ़ कर 3.533 अरब डॉलर की हो गयी। (शेयर मंथन, 27 जुलाई 2019)