रिकॉर्ड स्तर से नीचे आया विदेशी मुद्रा भंडार, 7.08 करोड़ डॉलर की हुई गिरावट

16 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 7.08 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 430.501 अरब डॉलर पर आ गया।

इससे पहले 09 अगस्त को खत्म हुए सप्ताह में फोरेक्स 1.620 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 430.572 अरब डॉलर के नये सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुँच गया था।
इससे पहले 13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स 426.02 अरब डॉलर तक पहुँचा था, जो एक साल से अधिक समय तक रिकॉर्ड बना रहा। बता दें कि जानकारों के मुताबिक 428 अरब डॉलर का फोरेक्स करीब 10 महीनों तक का आयात संभाल सकता है। इस लिहाज से देश के मौजूदा फोरेक्स से 10 महीनों से ज्यादा समय तक देश का आयात खर्च चल सकता है।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 16 अगस्त 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 41.24 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 398.327 अरब डॉलर रह गयी, जिससे फोरेक्स पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 35.59 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 27.110 अरब डॉलर पर पहुँच गया। वहीं विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 34 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 1.438 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 1.09 करोड़ डॉलर घट कर 3.625 अरब डॉलर की रह गयी। (शेयर मंथन, 24 अगस्त 2019)