विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) में हुआ 1 अरब डॉलर का इजाफा

06 सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 1 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 429.608 अरब डॉलर हो गया।

इससे पहले फोरेक्स में लगातार तीन हफ्ते गिरावट आयी थी। 30 अगस्त को खत्म हुए सप्ताह में फोरेक्स 44.6 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 428.604 अरब डॉलर रह गया था।
इससे पहले 13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स 426.02 अरब डॉलर तक पहुँचा था, जो एक साल से अधिक समय तक रिकॉर्ड बना रहा। बता दें कि जानकारों के मुताबिक 428 अरब डॉलर का फोरेक्स करीब 10 महीनों तक का आयात संभाल सकता है। इस लिहाज से देश के मौजूदा फोरेक्स से 10 महीनों से ज्यादा समय तक देश का आयात खर्च चल सकता है। अगस्त में फोरेक्स ने 430.572 अरब डॉलर का सर्वकालिक शिखर छुआ था।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 06 सितंबर 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 1.200 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 397.205 अरब डॉलर हो गयी, जिससे फोरेक्स पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 19.9 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 27.35 अरब डॉलर रह गया। वहीं विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 1.434 अरब डॉलर पर सपाट और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 20 लाख डॉलर बढ़ कर 3.619 अरब डॉलर हो गयी। (शेयर मंथन, 14 सितंबर 2019)