सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुँचा विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves)

11 अक्टूबर को समाप्त हुए हफ्तें में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फॉरेक्स 1.879 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 439.712 अरब डॉलर के नये सर्वकालिक शिखर पर पहुँच गया।

वहीं इससे पिछले सप्ताह में फॉरेक्स 4.24 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 437.83 अरब डॉलर हो गया था। जानकारी के लिए बता दें कि अप्रैल और अक्टूबर के बीच देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 21.7 अरब डॉलर की वृद्धि हुई।
वहीं 13 अप्रैल 2018 को फॉरेक्स 426.02 अरब डॉलर तक पहुँचा था, जो एक साल से अधिक समय तक रिकॉर्ड बना रहा। जानकारों के मुताबिक 428 अरब डॉलर का फोरेक्स करीब 10 महीनों तक का आयात संभाल सकता है। इस लिहाज से देश के मौजूदा फॉरेक्स से 10 महीनों से ज्यादा समय तक देश का आयात खर्च चल सकता है।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 11 अक्टूबर 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फॉरेक्स भंडार का सबसे प्रमुख घटक, 2.269 अरब डॉलर बढ़ कर 407.88 अरब डॉलर हो गयी, जिससे फॉरेक्स को सबसे अधिक सहारा मिला।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 39.9 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 26.778 अरब डॉलर रह गया। वहीं विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 20 लाख डॉलर बढ़ कर 1.431 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 70 लाख डॉलर बढ़ कर 3.623 अरब डॉलर हो गयी। (शेयर मंथन, 19 अक्टूबर 2019)